logo

Deoghar : शॉर्टकट की राजनीति करने वाली पार्टियों का साथ ना दें, फ्री सुविधाओं से नहीं मिलता राजस्व- पीएम मोदी

a239.jpg

डेस्क: 

पीएम मोदी मंगलवार को झारखंड दौरे पर थे। उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आजादी के बाद सत्ता में जो भी पॉलिटिकल पार्टी आई सबने शॉर्टकट अपनाया। कई पार्टियों ने राजनीतिक शॉर्टकट अपनाया। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट अपनाने वाली राजनीतिक पार्टियां सत्ता में आने के लिए कुछ भी करती हैं। लोक-लुभावने वादे करती है जिसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ता है। 

फ्री सुविधाओं से देश कंगाल हो जायेगा
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां सत्ता में आने के लिए बस, ट्रेन, मेट्रो, बिजली, पानी और गैस कनेक्शन तक फ्री देने का वादा कर देती है। उन्होंने कहा कि यदि फ्री की घोषणाएं की जाती रहीं तो सरकार को राजस्व नहीं मिल पाएगा। पड़ोसी देश श्रीलंका में छाए घोर आर्थिक संकट की तरफ इशारा करते हुए पीएम ने कहा कि यदि सुविधाएं फ्री बांटी जाएगी तो देश कंगाल हो जायेगा। उन्होंने कहा कि बगैर पैसे के सड़क, फोरलेन हाईवे, एयरपोर्ट और अस्पतालों का निर्माण नहीं किया जा सकता। 

शॉर्टकट की राजनीति करने वालों का साथ ना दें! 
पीएम मोदी ने कहा कि मैं देवघर की धरती से पूरे देश से आग्रह करना चाहता हूं कि वे शॉर्टकट की राजनीति करने वालों का साथ ना दें। वे आपके लिए स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, फोरलेन हाईवे और एयरपोर्ट नहीं बनाएंगे। आपके लिए ये केवल भारतीय जनता पार्टी ही बना सकती है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है कि देश में विकास की रफ्तार बढ़े। गरीबों को फायदा मिले। 

कार्यक्रम में बाबूलाल सहित कई नेता रहे शामिल
इस कार्यक्रम में बीजेपी विधायक दल के नेता और राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, राज्यसभा सांसद सह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद निशिकांत दूबे, दुमका सांसद सुनील सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।