द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को प्रसारित होगी। इस प्रसारण के लिए पीएम काफी उत्सुक है और बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज विज्ञान भवन में मन की बात-100 को लेकर नेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मन की बात की इस शतकीय पारी में उनका साथ देने के लिए कई दिग्गज कलाकार-नेता भी मौजूद होंगे। इसके साथ ही इस दौरान झारखंड और बिहार से भी लोग शामिल होंगे। पीएम के इस कॉन्क्लेव में झारखंड के इस दो और बिहार से 3 लोग शामिल होंगे। इनमें दुमका के सपन पत्रलेख और संजय कच्छप शामिल हैं। इसके साथ ही बिहार के बेतिया के रहने वाले केशव कुमार,पूर्णिया की रहने वाली नूतन देवी और समस्तीपुर के रहने वाले शंकर झा को भी पीएम ने न्योता दिया है। बता दें कि इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे।

स्मारक सिक्का और डाक टिकट का लोकार्पण
पीएम के मन की बात-100 की नेशनल कॉन्क्लेव आज पूरे दिन जारी रहेगा। इसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह कॉन्क्लेव के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। जहां एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही इस दौरान केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी चौबे, मंत्री अनुराग ठाकुर और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे।
4 सत्र का आयोजन किया जाएगा कार्यक्रम
आज के कार्यक्रम की बात करें तो उद्घाटन सत्र के बाद प्रधानमंत्री के मन की बात संबोधन में उठाए गए मुद्दों को रेखांकित करते हुए 4 सत्र का आयोजन किया जाएगा। इनमें एक सत्र ‘नारी शक्ति’ दूसरा ‘विरासत का उत्थान’ तीसरा ‘जनसंवाद से आत्मनिर्भरता’ और चौथा ‘आवाहन से आंदोलन’ पर होगा। इन सभी सत्र में देश की जानी-मानी हस्तियां अपनी बात रखेंगे। जिन हस्तियों का जिक्र पीएम ने मन की बात में किया था वह भी बुधवार को होने वाले कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।

ये दिग्गज लोग होंगे शामिल
इन सत्रों में अभिनेता आमिर खान एवं रवीना टंडन, पुडुचेरी की पूर्व उप राज्यपाल किरण बेदी, संगीतकार रिक्की केज, खिलाड़ी निकहत जरीन और दीपा मलिक, किस्सागो नीलेश मिस्रा, उद्यमी संजीव भीकचंदानी तथा टीवी मोहनदास पई आदि हिस्सा ले रहे हैं। जिनका उल्लेख मन की बात के संस्करणों में किया गया था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT