logo

UP Election : 11 जिलों की 58 सीटों पर रेस में शामिल 623 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद

11 जिलों की 58 सीटों पर रेस में शामिल 623 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान आज शाम 6 बजे खत्म हो गया। 11 जिलों की 58 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई थी। 10 मार्च को रिजल्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि इस चरण में किस्मत आजमा रहे 623 प्रत्याशियों में से किसके सर जीत का ताज चढ़ेगा। हालांकि दौड़ में शामिल भाजपा, सपा-रालोद गठबंधन, कांग्रेस और बसपा सभी अपने-अपने दावे कर रहे हैं। शाम 5 बजे तक  57.79 प्रतिशत मतदान की सूचना थी। जबकि मतदान की समाप्ति तक यह प्रतिशत 60.17 तक जा पहुंचा। चुनाव आयोग की ओर से सूचना दी गई है।

 

 

 

बता दें ये सभी सीटें पश्चिमी यूपी में पड़ती हैं। इलाकों में किसानों का सबसे अधिक असर है। इनमें जाट और मुस्लिम वोटर अहम भूमिका निभाते हैं। पिछले 2017 के विस चुनाव में इन क्षेत्रों में सबसे अधिक सीटें भाजपा के खाते में गई थीं। तब जाट बिरादरी भाजपा के साथ थी, जबकि मुस्लिम सपा के साथ। पर अब दोनों भाजपा के विरोध में दिखे हैं। इनका अधिकतर वोट सपा-रालोद गठबंधन को मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि कुछ सीटों पर बसपा के परंपरागत वोटर भी हैं। किसान आंदोलन के प्रभाव से वोटर अछूते नहीं रहे होंगे। 

 

 

हालांकि वोटिंग का प्रतिशत भी घटने की बात सामने आई है। इसे अच्छा संकेत बदलाव का नहीं माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव 2017 के पहले चरण में मतदान का प्रतिशत 39.4 था, जो इसबार घटकर 35.03 फीसदी दोपहर एक बजे तक दिखा था। हिंसा की कोई बड़ी खबर नहीं है। कहीं-कहीं मशीन के खराब रहने की शिकायत जरूर मिली है।