logo

दिल्ली : प्रियंका गांधी बोलीं- पीएम आवास तक मार्च करके उनकी मंत्री को महंगाई दिखाना चाहती हूं

a913.jpg

दिल्ली: 

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र की एनडीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सोचती है कि विपक्ष का गला घोंटा जा सकता है। प्रियंका गांधी ने कहा कि चूंकि उनकी मंत्री महंगाई नहीं देख सकती, हम पीएम हाउस की ओर मार्च करके महंगाई दिखाना चाहते हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की संपत्ति अपने दोस्तों को सौंप दी है।

 

कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी
गौरतलब है कि महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन जारी है। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी सहित कई कांग्रेसी सांसदों और कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रियंका गांधी ने ऐलान किया कि वो प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगी। घोषणा के बाद प्रियंका गांधी कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकलीं। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाया हुआ था। प्रियंका गांधी अपने सहयोगियों के साथ बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं और दूसरी तरफ कूद गईं।

हालांकि, पुलिस ने उनको आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी। जब पुलिस ने रोका तो प्रियंका गांधी वहीं धरने पर बैठ गईं। वहां से पुलिस ने उनको हिरासत में लिया। 

 

राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया
इसी तरह प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी को भी हिरासत में लिया गया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर सहित कई अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।

हिरासत में लिए जाने के बाद सभी कांग्रेसी नेताओं को पुलिस लाइन स्थित किंगस्वे कैंप ले जाया गया। राहुल गांधी ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हिटलर के नाजी शासन की तरह व्यवहार कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं को तोड़ा जा रहा है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। सरकार सदन में चर्चा नहीं कराना चाहती। सड़क पर विरोध नहीं करने दिया जा रहा है। 

 

कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग
गौरतलब है कि राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस पार्टी महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। झारखंड, बिहार, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित दक्षिण भारतीय राज्यों में भी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ झड़प भी हुई। हालात कई जगह बेकाबू भी हुए। पंजाब में प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।