logo

रघुवर दास आज BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से देंगे इस्तीफा, पढ़िए 43 साल का सुनहरा सफर

raghuwar_das_pic.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास आज इस्तीफा देंगे। रघुवर दास आज नई दिल्ली में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व पद से इस्तीफा देंगे। रघुवर दिल्ली में जेपी नड्डा से मिलकर अपने इस्तीफा उन्हें सौंपेगे। बता दें कि ओडिशा के राज्यपाल बनाए जाने के बाद रघुवर दास अपना इस्तीफा देंगे। 31 अक्टूबर को रघुवर ओडिशा के राज्यपाल का पद ग्रहण करेंगे। बता दें कि रघुवर दास साल 1977 में बीजेपी के सदस्य बने थे। वर्ष 1980 में बीजेपी की स्थापना के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री सक्रिय राजनीति में आ गए। तभी से वह झारखंड के काफी प्रभावशाली नेता के रूप में जाने जाते हैं।


भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे
रघुवर दास 31 अक्तूबर को ओडिशा के 26वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। ओडिशा के मुख्य न्यायाधीश भुवनेश्वर स्थित राजभवन में रघुवर दास को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। रघुवर दास 30 अक्तूबर को सोनारी हवाई अड्डा से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक ओडिशा सरकार का चार्टर प्लेन उन्हें लेने के लिए सोनारी हवाई अड्डा पहुंचेगा। ओडिशा पहुंच कर वे सबसे पहले भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जायेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर जायेंगे। 


झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री हैं रघुवर
उल्लेखनीय है कि रघुवर दास झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री रहे। झारखंड में बीजेपी के विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही है। रघुवर दास लंबे समय से बीजेपी से जुड़े रहे हैं। साल 1977 में वह पार्टी के सदस्य बने। साल 1980 में बीजेपी की स्थापना के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री सक्रिय राजनीति में आ गए। रघुवर दास सबसे पहले 1995 में जमशेदपुर पूर्वी से विधानसभा चुनाव जीते और विधायक बने। तब से लेकर 2014 तक लगातार 5 बार इस सीट से जीते। 2019 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रहते विधानसभा का चुनाव हारे। उन्हें शीर्ष नेतृत्व ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया।


2009 से 2010 तक झारखंड के उपमुख्यमंत्री रहे
नवंबर, 2000 में झारखंड जब बिहार से अलग हुआ,  रघुवर झारखंड के श्रम मंत्री बनाए गए। साल 2000 से 2003 तक उन्होंने यह पद संभाला। 2003 से जुलाई, 2004 तक भवन निर्माण और मार्च 2005 से सितंबर, 2006 तक झारखंड के वित्त, वाणिज्य और नगर विकास मंत्री का पद संभाला। रघुवर दास 2009 से मई, 2010 तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ बनी बीजेपी की सरकार में उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ वित्त, वाणिज्य, कर, ऊर्जा, नगर विकास, आवास और संसदीय कार्यमंत्री भी थे। 


2 बार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहें
बता दें कि जुलाई 2004 से मई 2005 और जनवरी 2009 से सितंबर 2010 तक वे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा लगातार तीसरी बार बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए थे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनका पहला कार्यकाल अगस्त 2014 से दिसंबर 2014 तक था। विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद उन्हें सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्यमंत्री पद गंवाने के बाद उन्हें 2020 में दूसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व मिला। अब से लगभग 3 महीने पहले उन्हें तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N