logo

31 अक्टूबर को गर्वनर पद की शपथ लेंगे रघुवर दास, आज दिल्ली में पीएम सहित इन दिग्गजों से मुलाकात

raghuwar_2_pic.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ओड़िशा  के राज्यपाल बनाए गए हैं। रघुवर दास 31 अक्टूबर को ओडिशा के राज्यपाल का पद ग्रहण करेंगे। उससे पहले रघुवर दास आज (गुरुवार) को बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देंगे। इसे लेकर रघुवर दिल्ली पहुंच गए हैं। आज नई दिल्ली में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व पद से इस्तीफा देंगे। रघुवर दिल्ली में जेपी नड्डा से मिलकर अपने इस्तीफा उन्हें सौंपेगे। इसके बाद रघुवर दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। सबसे पहले वो पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिले। 


भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे
जानकारी हो कि रघुवर दास 31 अक्टूबर को ओडिशा के 26वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। ओडिशा के मुख्य न्यायाधीश भुवनेश्वर स्थित राजभवन में रघुवर दास को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। श्री दास 30 अक्तूबर को सोनारी हवाई अड्डा से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरेंगे। तय कार्यक्रम के तहत ओडिशा सरकार का चार्टर प्लेन उन्हें लेने के लिए सोनारी हवाई अड्डा पहुंचेगा। ओडिशा पहुंच कर वे सबसे पहले भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जायेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर जायेंगे। 


झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री हैं रघुवर
उल्लेखनीय है कि रघुवर दास झारखंड का पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री रहे हैं। झारखंड में बीजेपी के विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही है। रघुवर दास लंबे समय से बीजेपी से जुड़े रहे हैं।  साल 1977 में वह पार्टी के सदस्य बने। साल 1980 में बीजेपी की स्थापना के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री सक्रिय राजनीति में आ गए। साल 1995 में पहली बार जमशेदपुर पूर्व से विधानसभा का लड़कर विधायक बने थे। तब से लगातार पांच बार जमशेदपुर पूर्वी से ही विधानसभा चुनाव जीते। उसके बाद लगातार रघुवर दास लगातार राजनीति में अहम भूमिका निभाते रहे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N