द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुणे कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर कहा है कि ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाने के बाद उनकी जान को गंभीर खतरा है। उन्होंने दावा किया कि इस बयान के बाद बीजेपी के दो नेताओं ने उन्हें सार्वजनिक रूप से धमकाया है। राहुल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें 'देश का नंबर एक आतंकवादी' कहा, जबकि बीजेपी नेता तरविंदर सिंह मारवाह ने भी गंभीर धमकी दी।

राहुल गांधी ने याचिका में कहा कि उनके खिलाफ मामला एक ऐसे व्यक्ति ने दायर किया है, जो नाथूराम गोडसे का वंशज है और जिसके परिवार का इतिहास हिंसा व गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़ा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा सकता है या किसी अन्य तरीके से नुकसान पहुंचाया जा सकता है। राहुल ने महात्मा गांधी की हत्या का हवाला देते हुए अदालत से आग्रह किया कि इतिहास को खुद को दोहराने से रोका जाए और उनकी सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाएं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वीर सावरकर के पोते सत्यकी सावरकर ने राहुल के आवेदन को "बेबुनियाद और अप्रासंगिक" बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल जानबूझकर कानूनी प्रक्रिया को टाल रहे हैं, जबकि अदालत पहले ही कह चुकी है कि उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति जरूरी नहीं है।
.jpg)