logo

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बीच राहुल गांधी पहुंचे दिल्ली, क्या है वजह

rahul9.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

भारत छोड़ो न्याय यात्रा को बीच में ही छोड़कर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज दिल्ली पहुंच गये हैं। इससे राजधानी में सियासी हलचल तेज हो गयी है। बताया जा रहा है कि इंडिया गठबंधन में जारी उठापटक को लेकर उनको दिल्ली आना पड़ा है। हालांकि कांग्रेस पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि राहुल का ये दिल्ली दौरा पहले से तय था। कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा को 25 और 26 जनवरी को स्थगित करने का फैसला पहले ही लिया गया था। राहुल गांधी के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं आय़ा है। वे पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही दिल्ली गये हैं। 

बंगाल में प्रवेश के बाद लौटे राहुल गांधी 

बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर राहुल गांधी का काफिला आज गुरुवार को असम से बंगाल पहुंचा। राहुल गांधी ने कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित किया और जिला मुख्यालय के एक रोड शो में हिस्सा लिया। इसके बाद वे दिल्ली लौट गये। हालांकि खबर लिखे जाने तक दिल्ली लौटने की कोई राजनीतिक वजह नहीं बताई गयी है। लेकिन सियासी कयास आराइयों का दौर शुरू हो गया है। गौरतलब है कि ममता बनर्जी और आप के पंजाब में लोकसभा चुनाव अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद इंडिया गठबंधन के अस्तित्व पर सवाल उठने लगे हैं। 

क्या कहा है तृणमूल कांग्रेस और आप ने 

गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) के बाद बाद आप (AAP) ने भी एलान किया है कि पार्टी पंजाब में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। इस पर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मंजूरी दे दी है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस बाबत एक बयान में बताया कि आप पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर बिना कांग्रेस के साथ गठबंधन किये चुनाव लड़ेगी। एक अन्य खबर के मुताबिक आप औऱ कांग्रेस के बीच पंजाब में सीट शेयरिंग को लेकर एक चक्र की बातचीत हो चुकी है। लेकिन इसमें दोनों पार्टियों के बीच सहमति नहीं बन सकी।