द फॉलोअप डेस्क
त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने एक नई योजना की शुरुआत की है। इस स्कीम के तहत यात्री यदि अपने आने और जाने दोनों की टिकट एक साथ बुक कराते हैं, तो उन्हें वापसी टिकट पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह योजना सीमित समय के लिए लागू होगी और इसका लाभ लेने के लिए कुछ नियम और शर्तें तय की गई हैं।
रेलवे ने 8 अगस्त को जारी किया आदेश
रेल मंत्रालय ने 8 अगस्त को इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि इसे 'राउंड ट्रिप पैकेज' नाम दिया गया है। इस योजना की शुरुआत आगामी 13 अक्टूबर 2025 से की जा रही है और यात्री 1 दिसंबर 2025 तक इसका लाभ उठा सकेंगे।

कब और कैसे मिलेगा लाभ?
इस योजना के अंतर्गत यात्री को दोनों ओर के टिकट — यानी जाने और लौटने — एक ही समय पर बुक कराने होंगे। आने की यात्रा 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच होनी चाहिए, जबकि वापसी की तारीख 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच की होनी चाहिए।
• यात्री का नाम दोनों टिकटों पर समान होना अनिवार्य है।
• टिकट एक ही श्रेणी (क्लास) का होना चाहिए।
• दोनों ही टिकट कंफर्म होने चाहिए।
• बुकिंग एक ही माध्यम से (ऑनलाइन या ऑफलाइन) एक साथ की जानी चाहिए।
किन बातों का रखना होगा ध्यान?
इस योजना के तहत बुक किए गए टिकटों में किसी भी प्रकार का बदलाव या रद्दीकरण मान्य नहीं होगा। साथ ही इन टिकटों पर किसी अन्य छूट या ऑफर का लाभ भी नहीं लिया जा सकेगा। यह सुविधा देशभर की सभी ट्रेन सेवाओं और सभी क्लासों में उपलब्ध रहेगी।

रेल मंत्रालय ने बताई योजना की वजह
मंत्रालय के मुताबिक, "त्योहारों के समय ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और टिकट की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 'राउंड ट्रिप पैकेज' योजना से न केवल यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि ट्रेनों की उपलब्धता और संचालन में भी संतुलन बनेगा।" रेलवे ने इसे प्रायोगिक योजना बताया है, जिसका उद्देश्य आने-जाने वाले यात्रियों को एक ही बुकिंग में बेहतर सुविधा देना है, जिससे वे समय रहते यात्रा की योजना बना सकें और टिकट की मारामारी से बच सकें।
.jpeg)