रांची
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को रांची में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद कहा कि मोदी सरकार में क्षेत्रीय परिषदें अब केवल चर्चा का मंच नहीं रहीं, बल्कि सहयोग का इंजन बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस बैठक में वर्षों पुराने और अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
अमित शाह ने कहा कि बिहार विभाजन के समय से लंबित कई मसलों के अलावा नक्सलवाद की समूल समाप्ति और ड्रग्स तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण जैसे विषय बैठक के केंद्र में रहे। उन्होंने यह भी बताया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह से खात्मा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गृहमंत्री के अनुसार, मोदी सरकार आने के बाद क्षेत्रीय परिषदों की बैठकें अब दोगुनी से भी अधिक हो गई हैं, जिससे ठोस परिणाम भी सामने आए हैं। अब तक हुई बैठकों में 83 प्रतिशत से अधिक मुद्दों का समाधान निकाला गया है, जो इन परिषदों की बढ़ी हुई सार्थकता को दर्शाता है।
