द फॉलोअप डेस्क
मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज की पद यात्रा को लेकर आश्रम ने एक बड़ी घोषणा की है। होली के पर्व और महाराज के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि 10 से 14 मार्च तक संत प्रेमानंद महाराज के रात्रि दर्शन नहीं होंगे। इस दौरान उनकी पद यात्रा भी बंद रहेगी।
आश्रम द्वारा जारी की गई सूचना में कहा गया है कि "आप सभी प्रियजनों को सूचित किया जाता है कि होली के पावन पर्व के चलते और पूज्य महाराज जी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, दिनांक 10 मार्च से 14 मार्च 2025 तक, रात्रि 02:00 बजे से पूज्य महाराज जी की पदयात्रा नहीं निकलेगी। आप सभी प्रियजनों से प्रार्थना है कि अगर आप दर्शन के लिए आ रहे हैं तो उपरोक्त दिनों में दर्शन के लिए ना आयें।"
इस घोषणा के बाद होली पर प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई है। भक्तों ने संत के स्वास्थ्य की कामना करते हुए इस फैसले का सम्मान किया है।
सोशल मीडिया पर भक्तों की प्रतिक्रियाएं
आश्रम की ओर से यह सूचना सोशल मीडिया पर जारी की गई, जिसके बाद भक्तों ने संत प्रेमानंद महाराज के अच्छे स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दीं और पद यात्रा पर न पहुंचने की अपील का समर्थन किया।
रोजाना आते हैं श्रद्धालु
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनने और उनके दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। वे रात्रि के समय पदयात्रा करते हुए भक्तों को दर्शन देते हैं। इस दौरान, रात दो बजे से पहले ही वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़ जमा हो जाती है, जहां प्रेमानंद महाराज की पद यात्रा होती है। उनके दर्शन के लिए सैकड़ों भक्त वहां पहुंचते हैं।
आश्रम की ओर से जारी सूचना के बाद भक्तों ने महाराज के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रार्थना की और इस अस्थायी व्यवस्था का आदर करते हुए नियमों का पालन किया।