logo

यादें शेष : लता मंगेशकर की याद में इंदौर में बनेगी संगीत अकादमी, दिया जायेगा लता मंगेशकर पुरस्कार

लता मंगेशकर की याद में इंदौर में बनेगी संगीत अकादमी, दिया जायेगा लता मंगेशकर पुरस्कार

इंदौर: 

सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) का 6 फरवरी 2022 को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 2 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इस बीच जानकारी मिल रही है कि मध्य प्रदेश में लता मंगेशकर की याद में संगीत अकादमी ( Lata Mangeshkar Music Academy) की स्थापना की जाएगी। यहां एक संगीत विश्वविद्यालय (Lata Mangeshkar Music University) भी बनेगा। म्यूजियम बनाए जाने की भी योजना है। बता दें कि ये जानकारी सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने दी है। उन्होंने उनकी याद में इंदौर में पौधे भी लगाये। 


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका एलान किया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लता जी का जन्म इंदौर में हुआ था। यही वजह है कि हमारी सरकार ने इंदौर में लता जी के नाम से एक संगीत अकादमी, संगीत विश्वविद्यालय और म्यूजियम बनाने का फैसला किया है। यही नहीं, यहां दिवंगत लता जी की एक प्रतिमा भी स्थापित की जायेगी।

उनकी जयंती पर प्रतिवर्ष लता मंगेशकर पुरस्कार (Lata Mangeshkar Award) भी दिया जायेगा। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में पहले से भी राष्ट्रीय लता मंगेशकर पुरस्कार दिया जा रहा है। इसकी शुरुआत 1984 में की गई थी। 

कोरोना संक्रमित हो गईं थी लता मंगेशकर
गौरतलब है कि बॉलीवुड की दिग्गज पार्श्व गायिका रहीं लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यहां डॉ. प्रतीत समदानी (Dr. Pratima Samdani) की टीम उनका इलाज कर रही थी। उनके स्वास्थ्य में लगातार उतार-चढ़ाव जारी थी। 28 दिन तक अस्पताल में रहने के बाद 5 फरवरी को उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनको वेंटीलेटर में शिफ्ट किया गया। 6 फरवरी को दिन के तकरीबन 10 बजे सुर कोकिला ने अंतिम सांस ली। 

लता दीदी ने करियर में 50 हजार गाने गाये
साल 1929 में जन्मीं लता मंगेशकर ने काफी उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था। महज 14 साल की उम्र में पहला गाना रिकॉर्ड किया। लता मंगेशकर ने अपने पांच दशक लंबे करियर में 36 भाषाओं में 50 हजार से ज्यादा गाने गाए। तकरीबन 1000 फिल्मों में अपनी आवाज दी। कई अल्बम किये। लता मंगेशकर को उनकी सादगी और नम्रता के लिए भी याद किया जायेगा।