नई दिल्ली
भारत के निर्वाचन आयोग ने आज एक अधिसूचना जारी कर उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 की प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा कर दी है। यह अधिसूचना भारत के राजपत्र (असाधारण) में प्रकाशित की गई है, जिसमें चुनाव से संबंधित पूरा कार्यक्रम तय किया गया है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार:
• नामांकन की अंतिम तिथि: 21 अगस्त, 2025
• नामांकन पत्रों की जांच: 22 अगस्त, 2025
• नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 25 अगस्त, 2025
• मतदान की तिथि (यदि आवश्यक हुआ): 9 सितंबर, 2025
.jpeg)
निर्वाचन आयोग ने 25 जुलाई, 2025 को जारी एक अलग अधिसूचना के तहत पी.सी. मोदी, महासचिव, राज्यसभा को इस चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। उनके साथ गरिमा जैन (संयुक्त सचिव) और विजय कुमार (निदेशक, राज्यसभा सचिवालय) को सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में नामित किया गया है।
निर्वाचन अधिकारी ने आज, 7 अगस्त को सार्वजनिक सूचना के माध्यम से स्पष्ट किया कि उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र स्वयं या अपने प्रस्तावक/अनुमोदक के माध्यम से कमरा संख्या RS-28, प्रथम तल, संसद भवन, नई दिल्ली स्थित कार्यालय में 11 बजे पूर्वाह्न से 3 बजे अपराह्न तक किसी भी कार्य दिवस में, लेकिन 21 अगस्त से पहले, जमा कर सकते हैं। नामांकन पत्र के साथ उम्मीदवार के नाम वाली मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति संलग्न होना अनिवार्य है।
प्रत्येक उम्मीदवार को नामांकन के समय ₹15,000 की जमानत राशि जमा करनी होगी, जिसे या तो नगद निर्वाचन अधिकारी के समक्ष या पूर्व में भारतीय रिजर्व बैंक/सरकारी कोष में जमा करके उसकी रसीद के साथ प्रस्तुत किया जा सकता है।

नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त, सोमवार को कमरा संख्या F-100, संगोष्ठी-2, संसद भवन में की जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार नाम वापस लेना चाहता है, तो इसकी सूचना 25 अगस्त को अपराह्न 3 बजे से पहले निर्वाचन अधिकारी को दी जा सकती है। यह सूचना उम्मीदवार स्वयं या उसके अधिकृत प्रस्तावक/अनुमोदक द्वारा दी जा सकती है।
यदि चुनाव आवश्यक हुआ, तो मतदान 9 सितंबर, 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक तय मतदान केंद्रों पर होगा। इन अधिसूचनाओं को देशभर के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राजपत्रों में प्रकाशित किया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए, 9 और 16 अगस्त को शामिल करते हुए, नामांकन अवधि के भीतर के सभी कार्यदिवसों में दोपहर 3:30 से 4:30 बजे तक निर्वाचन अधिकारी पी.सी. मोदी से संपर्क किया जा सकता है। उनका कार्यालय कमरा संख्या RS-08, भूतल, संसद भवन, नई दिल्ली में स्थित है।
