logo

नियुक्ति : कौन बनीं जेएनयू की पहली महिला कुलपति, जानिये इनके बारे में

कौन बनीं जेएनयू की पहली महिला कुलपति, जानिये इनके बारे में

दिल्ली:

एम जगदीश कुमार ने बतौर पंडित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के कुलपति पिछले साल ही पांच साल का कार्यकाल पूरा कर लिया था। वह बहैसियत कार्यवाहक कुलपति जिम्मेदारियां निभा रहे थे। उन्हें अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं महाराष्ट्र में सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री धूलिपुड़ी को जेएनयू को कुलपति नियुक्त किया गया है। पहली बार किसी महिला को यहां कुलपति बनाया गया है।

 

 

 

शिक्षा मंत्रालय (एमओई) ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के बकौल राष्ट्रपति और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रामनाथ कोविंद ने जेएनयू के कुलपति के तौर पर शांतिश्री धुलिपुड़ी की नियुक्ति की है, जो पांच वर्षों के लिए होगी। शांतिश्री पंडित ने विभिन्न शैक्षणिक निकायों में प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है। गोवा विश्वविद्यालय और पुणे विश्वविद्यालय में सेवाएं दी हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) की सदस्य भी रही हैं। उनके निर्देशन में 29 छात्र-डात्राओं ने रिसर्च की है।

 

59 वर्षीया शांतिश्री पंडित ने उच्च शिक्षा जेएनयू से ही की है। उन्होंने एमफिल के अलावा अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पीएचडी की है। उन्‍होंने स्‍वीडन की उप्‍पसला यूनविर्सिटी से डॉक्‍टोरल डिप्‍लोमा हासिल किया। हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, कन्‍नड़, मलयालम और कोंकणी जानती हैं। उनके पिता सिविल सर्विसिज में थे। मां लेनिनग्राद (अब सेंट पीटर्सबर्ग) ओरियंटल फैकल्‍टी डिपार्टमेंट में तमिल और तेलुगू की प्रोफेसर थीं। शांतिश्री पंडित का जन्म रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में हुआ था।