logo

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी शिवसेना! बैठक में सांसदों ने शीर्ष नेतृत्व को दिया सुझाव

a149.jpg

डेस्क: 

आगामी राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election) को लेकर महाराष्ट्र (Maharashtra) में शिवसेना की एक अहम बैठक बुलाई गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में शिवसेना के 18 में से 13 सांसदों ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को समर्थन देने का सुझाव दिया है। दरअसल, मीटिंग के बाद शिवसेना नेता गजानन कीर्तिकर (Gajanan Kirtikar) ने ये जानकारी दी। बैठक के बाद कीर्तिकर ने कहा कि वो एनडीए की उम्मीदवार है, लेकिन द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से हैं। एक महिला हैं। इसलिए उनका समर्थन करना चाहिए।


 
संजय राउत ने अलग दावा किया है
शिवसेना (Shiv Sena) नेता गजानन कीर्तिकर ने कहा कि ये सभी सांसदों की मांग थी। उद्धव ठाकरे एक- दो दिन में अपना फैसला सुनाएंगे। इधर, शिवसेना सांसद और प्रवक्ता संजय राउत का दावा है कि लोकसभा के 18 में से 15 सांसदों ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री में बैठक में हिस्सा लिया। हालांकि, इस बैठक में क्या बात हुई, संजय राउत ने इसका ब्योरा नहीं दिया। वहीं गजानन कीर्तिकर ने कहा कि बैठक में 13 सांसद व्यक्तिगत रूप से सशरीर शामिल हुए वहीं तीन अन्य सांसद शामिल नहीं हो सके। 

18 जुलाई को होना है राष्ट्रपति चुनाव
गजानन कीर्तिकर ने कहा कि अधिकांश सांसदों की राय में पार्टी को एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करना चाहिए। गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होगा।

बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए गठबंधन ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, वहीं कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए गठबंधन ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है।