रांची/चेन्नई
तमिलनाडु में फिरौती के इरादे से अगवा किए गए झारखंड के जामताड़ा जिले के छह श्रमिकों को संयुक्त पुलिस अभियान के तहत सकुशल रिहा कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अब भी फरार हैं।
घटना की जानकारी 21 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे झारखंड के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक को मिली। सूचना के अनुसार, जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले छह श्रमिकों को तमिलनाडु के सेलम जिले में बंधक बनाया गया था। अपहरणकर्ताओं ने उनकी रिहाई के बदले फिरौती की मांग की थी।

सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस प्रमुख ने तमिलनाडु पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। दोनों राज्यों की पुलिस ने समन्वित प्रयास करते हुए सेलम सिटी के अट्टायमपट्टी थाना क्षेत्र से सभी छह मजदूरों को सुरक्षित छुड़ा लिया। रिहा किए गए श्रमिकों के नाम इस प्रकार हैं:
1. इरफान अंसारी
2. जहीर अंसारी
3. अरबाज अंसारी
4. किस्मत अंसारी
5. इरशाद अंसारी
6. उलफत अंसारी
(सभी निवासी – थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा)

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
1. सविथवेल, पिता- शनमुगम, अन्ना नगर, आनंगूर
2. धरूण कुमार (21), पिता- नटराजन, अन्ना नगर, आनंगूर
3. नवीन, मोड्डामंगलम, थन्नेरपंधलपलायम
4. सारथ, मोड्डामंगलम, थन्नेरपंधलपलायम
फरार आरोपी:
1. वसंथ (27), पिता- राजा, अन्ना नगर, आनंगूर
2. सुरेंद्र, पुल्लिगौंडमपलायम, आनंगूर
3. एक अज्ञात अभियुक्त जिसकी पहचान की जा रही है
झारखंड पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तमिलनाडु पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई जारी है। वहीं, सभी मजदूरों को जल्द ही झारखंड लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। झारखंड पुलिस ने दो राज्यों की पुलिस के तालमेल से दिखाई तत्परता, जिससे एक बड़ी अनहोनी को टाला जा सका।
