द फॉलोअप डेस्क
यूपी के बांदा, गिरवां में एक घर में कोबरा सांप घुस गया। इससे घर के लोग दहशत में आ गये। कोबरा को निकालने के कई उपाय किये गये लेकिन सभी असफल हो गये। घर के मालिक को किसी ने धुआं कर और आग से डराकर कोबरा को घर से निकालने की सलाह दी। इसके बाद कोबरा जहां छिपा था, उसके नजदीक आग तो लगा दी गयी लेकिन इस आग ने पूरे घर के चपेट में ले लिया। इस आग में घर के सभी कीमती सामान जल गये और घर के मालिक लगभग कंगाल होने के कगार पर आ गये हैं। अतिरिक्त ये कि कोबरा सांप घर से निकला या नहीं, इसकी किसी को कोई खबर नहीं है।

फायर बिग्रेड टीम ने आग पर पाया काबू
इस बाबत गिरवां के एसएचओ संदीप तिवारी ने बताया कि घर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड टीम को बुलाया गया था। लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी। आग पर काबू पाने तक घर में रखे जेवरात, अनाज और नगद राशि भी जलकर राख हो गयी। घर के मालिक के अनुसार उसकी अब तक की सारी कमाई इस आग में जल गयी। बहरहाल, राजस्व विभाग को भी आग लगने की सूचना दी गयी है।

गृह स्वामी के समक्ष अब परिवार चलाने की चुनौती
इधर, पीड़ित गृह स्वामी ने विलाप करते हुए बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। घर में आग लगने से उसकी अब तक की सारी कमाई और पूंजी स्वाहा हो गयी है। उनसे बीमा भी नहीं करवाया है। अब परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा, इसकी चिंता उसे खाये जा रही है। खबर लिखे जाने तक पीड़ित परिवार के लिए किसी तरह के सरकारी की घोषणा नहीं हुई है।
