logo

Sonia Gandhi Book : सोनिया गांधी की किताब पर शिवानंद तिवारी ने साझा किया पुराना अनुभव

 सोनिया गांधी की किताब पर शिवानंद तिवारी ने साझा किया पुराना अनुभव

द फॉलोअप डेस्क: 

Sonia Gandhi Book: सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब को लेकर जिस तरह की चर्चा हो रही है, वह अपने आप में असाधारण है। उन्होंने क्या लिखा है, किसके बारे में क्या राय व्यक्त की है और किन लोगों के प्रति उनके मन में कैसी भावनाएँ हैं- यह जानने की उत्सुकता लोगों में इतनी अधिक थी कि किताब के प्रकाशित होने से पहले ही उसे हासिल करने की होड़ दिखाई देने लगी थी। मैंने अपनी जिंदगी में किसी किताब को लेकर इस तरह की उत्सुकता नहीं देखी। सोनिया गांधी एक बेहद सौम्य व्यक्तित्व की महिला हैं। उनके व्यक्तित्व में एक विशेष गरिमा है। मैंने उन्हें कई बार दूर से देखा है, लेकिन एक अवसर ऐसा भी आया जब उन्हें बहुत करीब से देखने का मौका मिला। वह भी उस समय, जब  विपक्ष के हो हल्ला के बावजूद प्रधानमंत्री बनने के लिए उनके पक्ष में जनादेश आ चुका था, लेकिन उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने और अपनी जगह डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय कर लिया था। सत्ता के स्वेच्छा से त्याग का यह एक अप्रतिम उदाहरण था।

सोनिया गांधी के चेहरे पर थी अद्भुत शांति  

उस निर्णय के बाद वे गठबंधन के नेताओं से डॉ. मनमोहन सिंह का परिचय करा रही थीं। इसी क्रम में वे उन्हें लालू जी से मिलवाने के लिए उनके आवास पर लेकर आईं। संयोग से उस समय मैं भी वहाँ मौजूद था। सोनिया जी को इतने करीब से देखने का मेरे लिए यह पहला अवसर था। उस समय मेरी निगाह डॉ. मनमोहन सिंह पर नहीं, बल्कि सोनिया जी के चेहरे पर थी। मैं उस चेहरे के अंदर झांक कर समझने की कोशिश कर रहा था, जिसने दंश की सर्वोच्च सत्ता पर बैठने के जनादेश के बावजूद उसे त्याग कर अन्य को वह सत्ता सौंप रहा है। उनके चेहरे पर अद्भुत शांति थी. देश की सर्वोच्च सत्ता के त्याग से उनका चेहरा दमक रहा था।मेरा मन उनके प्रति आदर और सम्मान से भर आया। ये सारी बातें शिवानंनद तिवारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा है।

Tags - National News Latest National News Sonia Gandhi Book Sonia Gandhi Autobiography Shivanand Tiwari Statement