द फॉलोअप डेस्क
घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेज गिरावट देखने को मिली। अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर नए टैरिफ लगाए जाने के फैसले से निवेशकों की धारणा पर गहरा असर पड़ा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 600 अंकों की गिरावट के साथ 81,074 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 24,600 के नीचे फिसल गया। यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के जवाब में भारतीय आयात पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इससे कुल टैरिफ का बोझ 50% तक पहुंच गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस कदम का सबसे ज्यादा असर कपड़ा, रत्न और आभूषण, समुद्री भोजन, रसायन और ऑटो कलपुर्जों जैसे क्षेत्रों पर पड़ेगा। इन क्षेत्रों में निर्यात घटने की आशंका है, जिससे आने वाले समय में इन सेक्टर्स पर दीर्घकालिक दबाव बना रह सकता है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अगर जल्द ही अमेरिका और भारत के बीच कोई व्यापारिक समझौता नहीं होता है, तो निवेशकों की चिंता और बढ़ सकती है। इससे शेयर बाजार में और भी अस्थिरता देखने को मिल सकती है।
