नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने चोरी-छिपे अमेरिका से आयात होने वाले कपास पर 11% इंपोर्ट ड्यूटी हटा दी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से देश के किसानों को गहरे संकट में धकेल दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि देश के कपास किसान पहले से ही लागत और बाजार मूल्य के अंतर में परेशान हैं, ऐसे में सरकार का यह कदम उनके हितों के खिलाफ है।

उन्होंने बीजेपी सरकार से चार प्रमुख मांगें रखीं-
अमेरिकी कपास पर 11% इंपोर्ट ड्यूटी तुरंत वापस लगाई जाए।
भारतीय किसानों की कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2100 प्रति 20 किलो तय किया जाए।
तय किए गए MSP पर सरकार द्वारा सीधी खरीद सुनिश्चित की जाए।
किसानों को खाद-बीज और अन्य कृषि इनपुट्स पर सब्सिडी दी जाए।

हीरा उद्योग पर संकट
केजरीवाल ने सूरत के हीरा उद्योग की बदहाली का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने हीरे पर 50% टैरिफ लगा दिया है, जिसकी वजह से सूरत में लाखों कारीगर बेरोजगार और बेघर हो गए हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार ने अमेरिका को कोई कड़ा जवाब नहीं दिया।
AAP संयोजक ने प्रधानमंत्री से सीधी अपील की, “मोदी जी, अमेरिका से आने वाले सामान पर 75% टैरिफ लगाइए और भारतीय उद्योगों व कारीगरों को बचाइए। ट्रंप सरकार के दबाव में झुकना देशहित में नहीं है।” केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मौजूदा नीति से न सिर्फ किसान बल्कि हीरा कारीगर भी गहरे संकट में आ गए हैं और केंद्र सरकार चुप्पी साधे बैठी है।
