द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां हाथी ने पूजा पंडाल में जमकर ताडंव मचाया। वहीं अपने पैरों के नीचे रौंद कर तीन लोगों की जान ले ली। मरने वालों में 2 महिला और एक 4 साल का बच्चा शामिल है। जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार 16 से 24 फरवरी तक लक्ष्मी नारायण महायज्ञ होना था। यज्ञ में शामिल होने के लिए अयोध्या, वृंदावन, मथुरा, हरिद्धार समेत कई जगहों से 51 वैदिकचार्य भी पहुंचे थे। इस दौरान कलश यात्रा निकाली जानी थी। कलश यात्रा के लिए किराए पर दो हाथी और दो ऊंट मंगाए गए थे। जिसमें से एक हाथी भीड़ को देखकर भड़क गया। हालांकि इस घटना के बाद आयोजन को रद्द कर दिया गया है। वहीं इस मामले पर सीएम योगी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने का निर्देश दिया है।

4 साल के मासूम को भी हाथी ने कुचला
मामला चिलुआताल इलाके के जगतबेला स्थित मोहम्मदपुर माफी गांव का है। जहां कलश यात्रा निकलने से पहले महायज्ञ चल रहा था। इसी को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग हाथी को छेड़ रहे थे। उसके साथ सेलफी ले रहे थे। जिससे वह भड़क गया और बेकाबू हो गया। हाथी इधर-उधर भागने लगा। उसने पूजा कर रही दो महिला कांति देवी (55) और कौशल्या देवी (50) को सूंड में लपेट लिया। उसके बाद जमीन पर पटक कर पांव से दबा दिया। कौशल्या देवी की गोद में उनका नाती कृष्णा भी था। जिसकी उम्र महज 4 साल थी। कौशल्या अपने बीमार नाती को हाथी की पूजा कराने गोद में लेकर गई थी। लेकिन, हाथी ने कौशल्या के साथ ही मासूम कृष्णा को भी अपने पांव के नीचे दबाकर मार डाला। दोनों महिलाएं मोहम्मदपुर माफी इलाके की रहने वाली थी।

हाथी का नाम प्रसाद है
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और वन विभाग को दी गई। वन विभाग के प्रदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। हाथी को गांव के तालाब के पास देखा गया है। वहीं महावत उसपर काबू पाने की कोशिश में लगा है। मिली जानकारी के अनुसार हाथी का नाम प्रसाद है। वह भाजपा विधायक विपिन सिंह का है। विपिन सिंह गोरखपुर ग्रामीण सीट से लगातार दो बार विधायक बने हैं। वह पूर्व विधायक अंबिका सिंह के बेटे हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT