द फॉलोअप डेस्क
साल 2023 का पहला सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल को लगने जा रहा है। सूर्य ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी और सूर्य के बीच चंद्रमा आ जाता है। इस बार सूर्य मेष राशि में रहेगा। ये सूर्य ग्रहण सुबह 7 बजकर 5 मिनट से शुरू होकर दोपहर 12 बजकर 29 मिनट तक रहेगा। इस ग्रहण की अवधि 5 घंटे 24 मिनट की होगी। इस सूर्य ग्रहण के दो दिन बाद देवगुरु बृहस्पति का गोचर होगा। यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इस ग्रहण का सूतक काल नहीं माना जाएगा। लेकिन इस ग्रहण का असर सभी राशियों पर पड़ेगा।

इन जगहों पर दिखेगा ग्रहण
पंचाग के अनुसार, यह ग्रहण चीन, अमेरिका, मलेशिया, फिजी, कंबोडिया, जापान, समोआ, सिंगापुर, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, वियतनाम, बरूनी, सोलोमन, दक्षिण हिन्द महासागर, दक्षिण प्रशांत महासागर और ताइवान में नजर आएगा।

सूर्य ग्रहण के दौरान क्या न करें
- ग्रहण के दौरान किसी सुनसान जगह, श्मशान पर अकेले नहीं जाना चाहिए। दरअसल, इस दौरान नकारात्मक शक्तियां हावी रहती हैं।
- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहण के समय सोना नहीं चाहिए और ना सूई में धागा डालना चाहिए।
- इसके अलावा ग्रहण के दौरान यात्रा करने से भी बचना चाहिए और शारीरिक संबंध बनाना भी मना होता है।
- धार्मिक शास्त्रों में बताया गया है कि सूर्य ग्रहण के दौरान कुछ भी नहीं खाना चाहिए। इस दौरान भोजन करने से सेहत कर गलत असर पड़ता है।
- सूर्य ग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं को ग्रहण की छाया आदि से विशेष रूप से बचना चाहिए। क्योंकि ग्रहण की छाया का कुप्रभाव गर्भस्थ शिशु पर पड़ने का डर रहता है।
- सूतक लगते ही और जब तक ग्रहण खत्म न हो जाए, आप भगवान की मूर्ति को स्पर्श ना करें। इसके साथ ही ग्रहण के समय मंदिर को बिल्कुल न खोलें। भगवान को भी ग्रहण के दर्शन ना होने दें।

सूर्य ग्रहण के दौरान क्या करें
- सूर्य ग्रहण के बाद गंगाजल से स्नान करें. पूरे घर और देवी देवताओं को शुद्ध करें।
- ग्रहण के दौरान सीधे सूर्य को देखने से बचना चाहिए।
- ग्रहण के दौरान बाहर जाने से बचें। साथ ही ध्यान रखें कि आप कोई गलत काम न करें।
- ग्रहण के बाद हनुमान जी की उपासना करें।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT