द फॉलोअप डेस्क
सूत्रों के हवाले से खबर है कि ममता बनर्जी टीएमसी का विलय कांग्रेस में करने के लिए तैयार हो गई हैं। जानकार बता रहे हैं कि उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद ऑफर किया गया है। वहीं टीएमसी के अभिषेक बनर्जी ने भी एक शर्त रख दी है। खबरें हैं कि बनर्जी ने एक बड़े पद की मांग की है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गयी है। सूत्रों का दावा है राहुल गांधी ने TMC के अंदर बढ़ती उथल-पुथल के बीच अभिषेक बनर्जी के लिए संगठन में एक अहम भूमिका का प्रस्ताव दिया है।

ममता बनर्जी 28 साल बाद फिर मिलेंगी कांग्रेस से
एक अन्य खबर के मुताबिक TMC में बड़ी फूट की खबरों के बीच, यह अटकलें तेज हो गई हैं कि ममता बनर्जी कांग्रेस छोड़ने के लगभग 28 साल बाद फिर से उसमें शामिल हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद ऑफर किया है और यह प्रस्ताव कथित तौर पर सोनिया गांधी की ओर से आया है। सूत्रों का यह भी दावा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को कांग्रेस महासचिव का पद ऑफर किया है। यह पहल कथित तौर पर बुधवार को सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच हुई एक निजी बैठक के बाद की गई है।

क्या TMC अपनी पहचान खो सकती है?
दूसरी ओर ये भी अटकलें कि काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में पार्टी के 28 लोकसभा सांसदों में से लगभग 20 सांसद एक अलग संसदीय गुट बना सकते हैं और 'असली' तृणमूल कांग्रेस होने का दावा कर सकते हैं। खबरों से यह भी पता चलता है कि राज्यसभा सांसदों का एक गुट पार्टी से इस्तीफा देने पर विचार कर रहा है, जबकि लगभग 64 विधायक कथित तौर पर ऋतुब्रत बनर्जी के नेतृत्व में एक अलग गुट बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ऐसे किसी गुट को असली TMC के तौर पर मान्यता मिल जाती है, तो वह पार्टी के चुनाव चिह्न, संगठनात्मक नियंत्रण और पार्टी की संपत्ति पर अपना दावा ठोक सकता है।
