द फॉलोअप डेस्क:
तमिनलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे और राज्य कैबिनेट में मंत्री उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के खिलाफ देशभर में हंगामा मचा हुआ है। हिन्दू संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से उदयनिधि के बयान की आलोचना की जा रही है। अब मध्य प्रदेश के इंदौर से विरोध की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। इंदौर में हिंदू जागरण मंच ने उदयनिधि का विरोध करने का अनोखा तरीका अपनाया है।
सीढ़ियों के नीचे चिपका दी उदयनिधि की तस्वीर
दरअसल, इंदौर में हिन्दू जागरण मंच की अगुवाई में उदयनिधि स्टालिन की तस्वीर मंदिर की सीढ़ियों के नीचे चिपका दी गई। मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु इस तस्वीर को पायदान की तरह इस्तेमाल कर मंदिर के भीतर जा रहे हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने इलाके में मौजूद एक मंदिर की सीढ़ियों पर उदयनिधि स्टालिन की तस्वीर लगाई है। भक्त उसपर पैर रखकर मंदिर के भीतर जा रहे हैं।

उदयनिधि स्टालिन की सनातन पर टिप्पणी का विरोध
इस मामले में हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक कन्नू मिश्रा ने मीडियाकर्मियों को बताया कि उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हमारी आस्था को ठेस पहुंची है।

डेंगू और मलेरिया से की थी सनातन धर्म की तुलना
गौरतलब है कि उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से की थी। उन्होंने माफी मांगने से भी इनकार कर दिया था। कहा कि सनातन धर्म में जाति और वर्ण व्यवस्था से मुझे दिक्कत है। लेफ्ट नेता ए राजा ने भी उनके बयान का समर्थन किया था। हालांकि, देशभर में उनके बयान की निंदा हुई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इसे गैर-जरूरी बयान बताया।