logo

आरोप : कांग्रेस भ्रष्टाचार दे सकती है...विकास पीएम मोदी देंगे, फैसला आपको करना है: अमित शाह

eae3842f-1e12-473e-8ddf-6485e6bd3ef9.jpg

देवप्रयाग: 

उत्तराखंड में अगले महीने विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रुद्रप्रयाग में चुनावी सभा को संबोधित किया। गृहमंत्री ने कहा कि पहले केवल लड़के ही सैनिक स्कूल के पात्र माने जाते थे। लड़कियां आवेदन नहीं कर सकती थी, लेकिन हमने इसे संभव बनाया। अमित शाह ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को उनके पति तीन तलाक देकर छोड़ देते थे। पीएम मोदी ने तीन तलाक को खत्म करने वाला कानून बनाया। 

महिलाओं को न्याय दिलाने को फास्ट ट्रैक कोर्ट
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महिलाओं को तत्काल न्याय दिलाने के लिए 700 से ज्यादा फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गये हैं। मोदी सरकार ने मातृ-शक्ति के लिए ढेर सारे काम किए। बेटियों को पढ़ाने के लिए कई सारी योजनाएं चलाईं। सरकार की योजनाओं में देश भर में अस्पतालों में निशुल्क प्रसव की व्यवस्था की गई है। माता और बच्चा दोनों सुरक्षित रहते हैं। 

कांग्रेस ने नारा दिया लेकिन कुछ किया नहीं
प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस की 4 पीढ़ियों ने देश में शासन किया लेकिन गरीबों के पास रसोई गैस की सुविधा नहीं थी। मोदी सरकार ने करोड़ों गरीब माताओं के घर में रसोई गैस पहुंचाई। महिलाओं के कल्याण के लिए और भी कई उल्लेखनीय योजना चलाई। माता-बहनों को बैंक से जोड़ा गया। आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। 

उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी को दिया नेतृत्व
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम फेस का एलान करते हुए कहा कि बीजेपी ने उत्तराखंड सरकार का नेतृत्व पुष्कर सिंह धामी को दिया है। उनके उर्जावान और जोशीले नेतृत्व में बीजेपी आने वाले 5 वर्षों में उत्तराखंड के विकास को शीर्ष पर ले जाने का काम करेगी। गृहमंत्री ने कहा कि एक बार फिर से उत्तराखंड की जनता को तय करना है कि किस प्रकार की सरकार चाहिये। जनता को तय करना होगा कि उन्हें 5 साल तक समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास के रास्ते पर ले जाने वाली बीजेपी सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार, परिवारवाद और घोटाले में आकंठ डूबी कांग्रेस की सरकार चाहिए। 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकारों को डबल इंजन की सरकार का उपनाम दिया जाता है। कांग्रेस की सरकारों को फेल सरकार का उपनाम दिया जाता है। अमित शाह ने कहा कि हम उत्तराखंड में ऐसी सरकार देंगे कि देवभूमि के लोगों को पलायन ना करना पड़े। 

बीजेपी की सर्वोच्च प्राथमिकता में सेना और जवान
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में सेना और सेना के जवान हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने इसे भाषणों में नहीं बल्कि सरकार की योजनाओं में चरितार्थ किया है। पीएम मोदी ने 2015 में वन रैंक-वन पेंशन लागू किया। ये बताता है कि बीजेपी की प्राथमिकता क्या है। 2013-14 में रक्षा बजट 2 लाख करोड़ रुपये रह गया था। 2021-22 में रक्षा बजट बढ़ाकर 4 लाख 78 हजार करोड़ रुपये करने का काम मोदी सरकार ने किया।
उन्होंने कहा कि जब मैं जनरल बिपिन रावत जी को श्रद्धांजलि देने गया तो उनके घर में वीरता और हौसले का माहौल देख हैरान था। किसी के मन में किसी तरह की ग्लानि नहीं थी। सबके मन में यही भाव था कि जनरल साहब देख के लिए काम करते-करते शहीद हुये।

 

दलित महापुरुषों का सम्मान करती है बीजेपी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी की सरकार में हर दलित महापुरुष का सम्मान किया गया है लेकिन कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर को संसद में पहुंचने से रोका गया। इतने वर्षों तक उनको भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया गया। बीजेपी ने बाबा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित किया। कांग्रेस की सरकार विकास नहीं दे सकती। कांग्रेस की सरकारें केवल स्कैम और भ्रष्टाचार ही दे सकती है। विकास पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी देगी।