logo

धमाका नहीं, ड्रामा कर रहे राहुल गांधी: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर हमला

ANURAG00000000000000.jpg

नई दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने राहुल गांधी की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस को “धमाका नहीं, बल्कि ड्रामा” करार दिया और कहा कि राहुल गांधी लगातार झूठे आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की साज़िश कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का “हिट एंड रन” वाला रवैया नया नहीं है। राफेल से लेकर “चौकीदार चोर है” तक, सावरकर और आरएसएस पर टिप्पणियों से लेकर पेगासस मुद्दे तक, हर बार उन्हें कोर्ट से फटकार मिली और माफी मांगनी पड़ी। “कीचड़ उछालो और भाग जाओ” की उनकी यह आदत लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। ठाकुर ने कहा कि आज भी राहुल गांधी ने हाइड्रोजन बम फोड़ने का दावा किया, लेकिन अंत में खुद ही कबूल किया कि वह लोकतंत्र बचाने नहीं आए हैं।


भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हैं, जबकि आयोग ने साफ किया है कि बिना सुनवाई किसी भी मतदाता का नाम हटाया नहीं जा सकता। 2023 में आलंद सीट कांग्रेस ने 10,348 वोटों से जीती थी। ठाकुर ने सवाल उठाया कि अगर वोट चोरी का आरोप सही है, तो क्या कांग्रेस ने यह सीट भी चोरी से जीती? उन्होंने यह भी जोड़ा कि कर्नाटक हाईकोर्ट ने मलूर विधानसभा चुनाव को रद्द करते हुए कांग्रेस की जीत को अवैध ठहराया था, जो इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस अनियमितताओं से चुनाव जीतने का प्रयास करती रही है।
अनुराग ठाकुर ने पूर्व चुनाव आयुक्तों की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नवीन चावला की नियुक्ति पर तत्कालीन चीफ इलेक्शन कमिश्नर ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर गंभीर आपत्तियां जताई थीं। बावजूद इसके, कांग्रेस ने संवेदनशील पदों का राजनीतिक लाभ उठाया। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का असली एजेंडा लोकतंत्र को कमजोर करना और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना है।
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी आज लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन उनके परिवार के इतिहास में इंदिरा गांधी द्वारा सत्ता और अफसरों का दुरुपयोग, राजीव गांधी के दौर में चुनाव स्थगन की राजनीति और कांग्रेस द्वारा संस्थाओं को अपने हिसाब से इस्तेमाल करने के कई उदाहरण मौजूद हैं।”


ठाकुर ने यह भी कहा कि कांग्रेस की राजनीति का केंद्र घुसपैठियों को बचाना है। “राहुल गांधी एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों की बात करते हैं, लेकिन उन्हीं के वोटों की ताकत को कम करने का काम करते हैं। असल मकसद घुसपैठियों के वोट बचाना है और उन्हीं के लिए कांग्रेस राजनीति कर रही है।” उन्होंने सवाल किया कि क्या यही कांग्रेस का असली एजेंडा है — घुसपैठियों के वोट सुनिश्चित करना और देश के असली नागरिकों के वोट की ताकत को कमजोर करना।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार आरोप लगाते हैं, लेकिन कभी सबूत पेश नहीं करते। उन्होंने चुनौती दी कि राहुल गांधी बताएं कि जिन नामों का हवाला देकर उन्होंने वोट कटने की बात कही, वे आज भी वैध मतदाता क्यों पाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के आरोपों में दम होता, तो वे कोर्ट क्यों नहीं जाते और शपथपत्र क्यों नहीं देते? भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस का असली खेल “विक्टिम कार्ड” खेलना और अराजकता फैलाना है। “वे टूलकिट गैंग के साथ मिलकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता उनके भ्रमजाल में नहीं फंसने वाली।”



 

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country