logo

दिल्ली : मंत्री अखिल गिरि पर बरसे अर्जुन मुंडा, कहा- ऐसे नेताओं को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करें ममता बनर्जी

arjun_munda4.jpg

दिल्ली:
पश्चिम बंगाल के मंत्री और TMC नेता अखिल गिरि (Akhil Giri) ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) पर विवादित टिप्पणी किया है।  उनके इस बयान पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि अखिल गिरि ने देश के राष्ट्रपति के ऊपर जिस तरीके से अभद्र टिप्पणी की है, वह निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।


अभद्र टिप्पणी घोर निंदनीय
दिल्ली के 25 तुगलक रोड स्थित अपने आवास में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि अखिल गिरि आदिवासी राष्ट्रपति को पचा नहीं पा रहे हैं इसलिए उनका अपमान कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अभद्र टिप्पणी घोर निंदनीय है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से मेरी मांग है कि तुरंत अपने मंत्रिमंडल से उन्हें बर्खास्त करें। 

देश से माफी मांगे अखिल गिरि
अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस तरह के बयानों के लिए अखिल गिरि को देश से माफी मांगनी चाहिए।टीएमसी नेता के बयानों से स्पष्ट होता है कि यह टीएमसी के चरित्र में है। पश्चिम बंगाल की सरकार, देश के आदिवासियों और पश्चिम बंगाल के आदिवासियों का भी शोषण करती रही है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं, क्योंकि ये बयान अशांति फैलाने वाले हैं। 
यह देश को अपमानित करने वाला बयान
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद एक महिला हैं। उन्हीं के मंत्रिमंडल के सदस्य खुलेआम देश के महिला जनजाति राष्ट्रपति के ऊपर इस प्रकार का अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।इस मामले में ममता बनर्जी को स्वयं स्पष्टीकरण देना चाहिए। टीएमसी के मंत्री ने इस तरह का गलत बयान दिया है। यह बयान उन्होंने किसके कहने पर दिया है। यह देश को अपमानित करने वाला बयान है।


क्या कहा था TMC नेता ने
पश्चिम बंगाल के मंत्री और TMC नेता अखिल गिरि ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को लेकर नंदीग्राम में विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था 'हम किसी को उनकी शक्ल से नहीं आंकते। हम भारत के राष्ट्रपति का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रपति कैसी दिखती हैं?' इस बयान की पूरे देश में आलोचना हो रही है। भाजपा के उनके इस बयान पर कहा है कि इससे साफ है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी आदिवासी विरोधी है।