logo

दो भीषण सड़क हादसे में 12 की मौत, 32 घायल; बस और बोलेरो खाई में गिरी

 दो भीषण सड़क हादसे में 12 की मौत, 32 घायल; बस और बोलेरो खाई में गिरी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

उत्तराखंड में मंगलवार सुबह हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास यात्रियों से भरी बस करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। वहीं, के क्यूंजा घाटी में पोखरी से शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस हादसे में तीन साल की बच्ची भी घायल हुई है।

गूलर पुल से 100 मीटर नीचे नदी में गिरी बस

एसडीआरएफ के मुताबिक, मंगलवार सुबह हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिर गई। बस में कई यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। एसडीआरएफ के अनुसार, इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है।

सुबह 3:15 बजे हरिद्वार से चली थी बस, बोलेरो हादसे में भी चार की मौत

टिहरी के एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विश्वनाथ सेवा की बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। बस मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास पुल से नीचे नदी में गिर गई। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुल आठ लोगों की मौत हुई है। घायलों में 18 का इलाज एम्स ऋषिकेश और बाकी का राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है। अधिकारियों ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। उधर, के क्यूंजा घाटी में पोखरी से शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो खाई में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। इस तरह उत्तराखंड में मंगलवार सुबह हुए दोनों हादसों में 12 लोगों की जान चली गई और 32 लोग घायल हो गए।

Tags - Uttarakhand Accident Tehri News Road Accident SDRF Rescue Breaking News