अहमदाबाद:
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express) एक बार फिर हादसे की शिकार हुई है। भैंस की झुंड के बाद अब ट्रेन के आगे से गाय टकरा गई, इससे ट्रेन के आगे के हिस्से में मामूली डेंट पड़ा है। हालांकि, 10 मिनट रूकने के बाद ट्रेन को फिर रवाना कर दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि गांधीनगर से जाते समय बड़ोदरा सेक्शन में आनंद स्टेशन (Anand station in Vadodara section) के पास ट्रेन के आगे गाय आ गई, इससे ट्रेन के आगे के हिस्से में मामूली डेंट (Minor dent in front) पड़ा है। बता दें कि बीते गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मणिनगर स्टेशन (Maninagar Station) के पास ट्रेन से भैंसों का झुंड टकरा गई थी। हादसे में चार भैंसों की मौत हो गई थी। इसमें वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन का फ्रंट का हिस्सा टूट गया था।

रेलवे के अधिकारी ने दी जानकारी
घटना की जानकारी देते हुए रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि गाय से टकराने के बाद ट्रेन के अगले हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारी ने बताया कि टक्कर के कारण फ्रंट कोच यानी ड्राइवर कोच के नोज कॉन कवर को मामूली नुकसान पहुंचा है। ट्रेन सुचारू रूप से चल रही है। बताया गया कि ट्रेन शुक्रवार को गांधीनगर से मुंबई की ओर जा रही थी। तभी 3 बजकर 44 मिनट के करीब गाय से टकरा गई। इस हादसे के बाद ट्रेन को लगभग दस मिनट तक रोके रखा गया था। उसके बाद ट्रेन को फिर रवाना किया गया।
30 सितंबर को पीएम ने दिखाई थी हरी झंडी
नई पीढ़ी की इस वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन को 30 सितंबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। नए अपग्रेड के साथ यह ट्रेन अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ सकती है। हालांकि, अभी इसकी अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे निर्धारित की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर से लेकर अहमदाबाद तक इसमें यात्रा भी की थी।

क्या है ट्रेन की खासियत
वंदे भारत एक्सप्रेस एक सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है और यह अपने पुराने रूप से भी बेहतर है। नई वंदे भारत ट्रेनों में यात्रा को सुरक्षित और अधिक आरामदायक बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। इसमें रिक्लाइनिंग सीट लगाई गई है। इसमें ऑटोमेटिक फायर सेंसर की व्यवस्था की गई है। साथ ही CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। इसमें वाईफाई सुविधा के साथ ऑन-डिमांड कंटेंट की व्यवस्था है। इस अपग्रेडेड ट्रेन में तीन घंटे का बैटरी बैकअप है। पहले यह बैकअप एक घंटे का था।