logo

दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन, फैंस की मांग पर जड़ते थे छक्का

salim_duranni.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का रविवार को निधन हो गया। 88 साल की उम्र में सलीम दुर्रानी ने दुनिया को अलविदा कहा। गुजरात के जामनगर में उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार पूर्व क्रिकेटर कैंसर से जूझ रहे थे। उनकी मौत से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। सलीम दुर्रानी के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी शोक जताया है।


गुजरात को अपना घर बनाया
मोदी ने ट्वीट कर लिखा सलीम दुर्रानी जी क्रिकेट के दिग्गज थे। वो अपने आप में एक संस्था थे। उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैदान के अंदर और बाहर वह अपने अंदाज के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। वहीं पीएम ने एक अन्य ट्वीट में लिखा सलीम दुर्रानी जी का गुजरात से बहुत पुराना और गहरा नाता रहा है। वह कुछ वर्षों तक सौराष्ट्र और गुजरात के लिए खेले। उन्होंने गुजरात को अपना घर भी बनाया। मुझे उनके साथ बातचीत करने का अवसर मिला। मैं उनके बहुमुखी व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित हुआ हूं। उनकी कमी जरूर खलेगी।

 


अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय
बता दें कि सलीम दुर्रानी ने भारत के लिए कई साल तक क्रिकेट खेला था। वह अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय थे। आपको बता दें कि अफगानिस्तान के काबुल में 11 दिसंबर 1934 को जन्मे दुर्रानी न केवल अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे। बल्कि बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज भी थे। साथ ही प्रशंसकों की मांग पर छक्का जड़ने के लिए जाने जाते थे। दिग्गज सलीम दुर्रानी ने भारत के लिए अपना पहला टेस्ट 1 जनवरी 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT