द फॉलोअप डेस्कः
मुक्केबाजी में ओलपिंक पदक जीतने वाले बॉक्सर विजेंदर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। कुछ दिनों पहले तक बीजेपी के खिलाफ पोस्ट शेयर करने वाले विजेंदर ने भाजपा ज्वॉइन करके सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए बीजेपी में शामिल होने की वजह बताई है। विजेंदर सिंह ने कहा कि वो प्रधानमंत्री से काफी प्रभावित हुए हैं, पीएम के काम से प्रेरणा लेने के बाद विजेंदर ने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है। इसके बाद संवादाता ने फिर उनसे पूछा कि कल तक आप राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट कर रहे थे जिसमें मोदी जी के मजाक उड़ाए जा रहे थे। इसपर सफाई देते हुए विजेंदर सिंह ने कहा कि, मैं सो गया था लेकिन जब मैं उठा तो मुझे लगा कि मैंने गलत किया है इसलिए मैंने अपनी गलती सुधारी और यहां से अब मैं सही दिशा में जाऊंगा। यही वजह है कि मैं भारतीय जनता पार्टी में आया हूं।

मुश्किल था अंदाजा लगाना
बता दें कि बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कांग्रेस का हाथ छोड़ बीजेपी जॉइन कर ली है। आज वह बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे और बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने उनका पार्टी में स्वागत किया। पिछले कुछ दिनों में विजेंदर सिंह को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफी करीब देखा गया था। यह मौके भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कैद किए गए थे। जब उनकी कई तस्वीरें राहुल गांधी के साथ मूंछों में ताव देते हुए सोशल मीडिया पर तैर रहीं थीं। एक दिन पहले तक उनके सोशल मीडिया (एक्स, फेसबुक) पर राहुल गांधी के द्वीट्स को रिपोस्ट किया गया था। ऐसे में यह अंदाज़ा लगाया जाना मुश्किल था कि वह बीजेपी में शामिल होने वाले हैं।

बीजेपी पर साध रहे थे निशाना
इस बात को बहुत ज़्यादा वक़्त नहीं बीता है जब पहलवानों के आंदोलन के दौरान विजेंदर सिंह काफी सक्रिय भूमिका में नज़र आए थे। उन्हें प्रमुखता से बीजेपी सरकार की आलोचना करते हुए सुना जा सकता था। जब पहलवान साक्षी मलिक ने दिल्ली के प्रेस क्लब में अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया तो विजेंदर सिंह कांग्रेस के मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेस करते नज़र आए थे। जहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा था।