logo

टीम INDIA नहीं अब टीम BHARAT, म्यांमार और हॉलैंड का उदाहरण दे ये क्या कह गए सहवाग

a27.jpeg

सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जारी भारत बनाम इंडिया की नई सार्वजनिक बहस में अब पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी कूद पड़े हैं। उन्होंने बीसीसीआई द्वारा वनडे वर्ल्ड कप-2023 के लिए घोषित टीम का न्यूज शेयर करते हुए लिखा कि अब टीम इंडिया नहीं बल्कि टीम भारत। सहवाग ने एक्स पर लिखा कि इस विश्व कप में जब हम कोहली, रोहित, बुमराह और जड्डू के लिए चीयर कर रहे हैं तो वास्तव में हमारे दिल में भारत होना चाहिए। खिलाड़ियों की जर्सी पर भी भारत लिखा हो। 

बीसीसीआई से वीरेंद्र सहवाग की अपील
सहवाग ने टीम इंडिया की जर्सी में इंडिया की जगह भारत लिखने के समर्थन में कहा कि मेरा हमेशा से मानना रहा है कि नाम ऐसा हो जिसे सुनकर गर्व हो। उन्होंने कहा कि हम भारतीय हैं। इंडिया, अंग्रेजों का दिया गया नाम है। हमें मूल नाम भारत को आधिकारिक तौर पर वापस पाने में बहुत समय लग गया है। उन्होंने बीसीसीआई सचिव से टीम इंडिया की जर्सी में भारत लिखना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

अब देश के मूल नाम में वापस लौटने का वक्त
टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ने लिखा कि 1996 के विश्व कप में नीदरलैंड दरअसल, हॉलैंड के रूप में खेलने आया था लेकिन जब 2003 में हम मिले तो वे नीदरलैंड थे और अब भी वही हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों द्वारा दिया बर्मा नाम बदल दिया गया और यह एशियाई देश अब म्यांमार है। अन्य लोग भी अपने मूल नाम में वापस आ रहे हैं तो हम क्यों नहीं।