logo

उत्तराखंड में फिर से मौसम का कहर, चमोली में बादल फटा, कई घर दबे; राहत कार्य जारी

उत्तराखंड में फिर से मौसम का कहर, चमोली में बादल फटा, कई घर दबे; राहत कार्य जारी

द फॉलोअप डेस्क 
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली कस्बे में शनिवार तड़के बादल फटने से भारी तबाही हुई। कई घर और वाहन मलबे में दब गए हैं। एक महिला के मलबे में फंसे होने की सूचना है। राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर लगातार अभियान चला रही हैं। जिलाधिकारी ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की और बताया कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में अस्थायी शिविर बनाए हैं ताकि विस्थापितों को सुरक्षित ठिकाना मिल सके।


स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज धमाके के साथ बादल फटा और कुछ ही मिनटों में मलबा पूरे इलाके में फैल गया। कुछ लोग समय रहते निकल पाए, लेकिन कई परिवारों को नुकसान झेलना पड़ा है।
पिथौरागढ़, हर्षिल और स्यानाचट्टी में भी हालात गंभीर
मौसम विभाग ने चमोली, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और अल्मोड़ा में भारी बारिश और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिथौरागढ़ में भूस्खलन के कारण थल-मुनस्यारी और मुनस्यारी-मिलम मार्ग बंद कर दिए गए हैं।


उधर, हर्षिल इलाके में भारी बारिश से एक नई झील बन गई है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमें वहां पानी निकालने में जुटी हैं। स्यानाचट्टी क्षेत्र में यमुनोत्री नदी का बहाव मलबे से रुक गया है, जिससे जलभराव हो गया है। विशेषज्ञों ने पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि अगले कुछ दिन मौसम और खराब हो सकता है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest