logo

President Election : NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से क्या प्रतिज्ञा करवाना चाहते हैं यशवंत सिन्हा, पढ़िए

a147.jpg

डेस्क: 

यूपीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) से एक प्रतिज्ञा लेने को कहा है। यशवंत सिन्हा ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि द्रौपदी मुर्मू प्रतिज्ञा करें कि यदि वे राष्ट्रपति (President) निर्वाचित होती हैं तो केंद्र सरकार का रबर स्टांप नहीं बनेंगी।

लोकतंत्र के लिए ये बहुत जरूरी है कि महामहिम राष्ट्रपति केंद्र सरकार (Central Govt) के रबर स्टांप अनुरूप व्यवहार ना करे बल्कि सरकार की गलतियों पर सख्ती से समझाये। 

यशवंत सिन्हा ने सिलसिलेवार ट्वीट किए
दरअसल, यशवंत सिन्हा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गये ट्वीट में लिखा है कि सभी भारतीयों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति को ईमानदारी से काम करना चाहिए। मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर मैं संविधान (Constitution) के एक निष्पक्ष संरक्षक के रूप में काम करूंगा। मैं सरकार के लिए रबर स्टैंप नहीं बनूंगा।

 

यशवंत सिन्हा ने लिखा कि मैं बीजेपी की उम्मीदवार से भी यही प्रतिज्ञा करने का आग्रह करता हूं। यशवंत सिन्हा ने लिखा कि मैं भारत के लोगों के प्रति शपथ लेता हूं कि राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर मैं प्रत्येक भारतीय को संविधान द्वारा गारंटीकृत अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करूंगा। मैं बीजेपी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार से यही प्रतिज्ञा करने का आग्रह करता हूं। 

 

यशवंत सिन्हा को यूपीए ने बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस (Congress) सहित तकरीबन 17 विपक्षी पार्टियों वाले यूपीए गठबंधन ने यशवंत सिन्हा को अपना राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बीजेपी (Bjp) की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन ने द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है। एनडीए उम्मीदवार को बीजेडी, शिरोमणि अकाली दल, वाईएसआर कांग्रेस और अकाली दल ने भी समर्थन दिया है। गौरतलब है कि ये सभी परंपरागत एनडीए घटक दल का हिस्सा नहीं हैं। झारखंड की झारखंड मुक्ति मोर्चा यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी या द्रौपदी मुर्मू का, फिलहाल पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि, कयास हैं कि झामुमो, द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगा। 

देश की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू
गौरतलब है कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होगा। 21 जुलाई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर राजनीतिक दलों से समर्थन मांग रहे हैं। संख्याबल के लिहाज से द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना तय है। ऐसा होता है तो द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी।