द फॉलोअप डेस्क
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के चर्चित और सख्त छवि वाले अधिकारी कपिल राज ने कल यानी 18 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद वे देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोग जानना चाहते हैं कि कपिल राज कौन हैं, वह कहां से आते हैं और किन-किन बड़े घोटालों का उन्होंने पर्दाफाश किया है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कपिल राज कौन हैं और वह ईडी के अधिकारी कैसे बने?
2009 बैच के IRS अधिकारी हैं कपिल राज
कपिल राज 2009 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मूल कैडर कस्टम्स एंड सेंट्रल एक्साइज (C&CE) में की। कुछ वर्षों तक काम करने के बाद करीब 7 साल पहले उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) में प्रतिनियुक्त किया गया। शुरुआत में उन्हें मुंबई जोनल ऑफिस में डिप्टी डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी से जुड़े पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले की जांच की। उनकी सख्त कार्यशैली और मेहनत ने उन्हें जल्दी ही पहचान दिलाई।
तीन साल पहले दिल्ली ट्रांसफर, हाई इंटेंसिटी यूनिट की कमान
मुंबई में अपनी छवि छोड़ने के बाद कपिल राज को तीन साल पहले संयुक्त निदेशक के पद पर प्रमोट कर दिल्ली ट्रांसफर किया गया। यहां उन्हें झारखंड और दिल्ली में हाई इंटेंसिटी यूनिट (HIU) की जिम्मेदारी दी गई, जहां उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी
ईडी में रहते हुए कपिल राज ने कई बड़े मामलों की अगुवाई की। 21 मार्च 2024 को उन्होंने दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके आवास से गिरफ्तार किया। यह भारत में पहली बार था जब किसी सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़ी थी। इससे पहले, 31 जनवरी 2024 को कपिल राज ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया। इनके अलावा कपिल राज ने पश्चिम बंगाल के कोयला घोटाले, जिसमें टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी का नाम सामने आया था, झारखंड के अवैध खनन जैसे बड़े मामलों में भी अहम भूमिका निभाई। रांची जोन में रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई की और कई चेहरों को बेनकाब किया।
मुंबई से दिल्ली तक का सफर
मुंबई में रहते हुए कपिल राज ने DHFL जैसे अहम मामलों पर भी काम किया। दिल्ली ट्रांसफर के बाद उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच को लीड किया। अप्रैल 2025 में उन्हें ईडी से हटाकर जीएसटी इंटेलिजेंस मुख्यालय में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया था और उनका कार्यकाल दिसंबर 2024 तक के लिए बढ़ा दिया गया था। हालांकि, हाल ही में उन्होंने इस्तीफा दे दिया जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं कपिल राज
कपिल राज का जन्म उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में हुआ था। वह एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सरकारी कर्मचारी थे। कपिल ने लखनऊ से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी। 2008 में उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर ली और इंडियन रेवेन्यू सर्विसेज (IRS) में चयनित हुए। यहीं से उनके करियर की मजबूत नींव रखी गई, जो बाद में उन्हें ईडी जैसे अहम संस्थान तक लेकर गई।
