द फॉलोअप डेस्क
नवी मुंबई के बेलापुर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे एक महिला, जो अपनी कार में बेलापुर से उल्वे की ओर जा रही थी, गूगल मैप के निर्देशों पर चलते हुए सीधे खाड़ी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि मैप ने महिला को ब्रिज का रास्ता नहीं दिखाया, बल्कि उसे नीचे जाने वाला मार्ग सुझाया। इसी भ्रम में वह गाड़ी सहित पानी में चली गई।
सौभाग्य से वहां मौजूद सागरी सुरक्षा बल के जवानों ने यह हादसा देख लिया और तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से कार को भी बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच के बाद महिला को घर भेज दिया गया।

बरेली में भी इसी तरह की घटना हो चुकी है
इससे पहले दिसंबर 2024 में उत्तर प्रदेश के बरेली में भी इसी तरह की एक घटना हुई थी। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पीलीभीत रोड पर तीन युवक गूगल मैप के सहारे यात्रा कर रहे थे। मैप ने उन्हें एक नहर के किनारे संकरे रास्ते पर मोड़ दिया, जिससे उनकी कार नहर में पलट गई। घटना सुबह 6 बजे की थी, हालांकि सौभाग्य से सभी युवक सुरक्षित बच गए। हर दिन देश में सैकड़ों लोग सड़क हादसों में जान गंवाते हैं। ऐसे में वाहन चलाते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। तकनीक मदद जरूर करती है, लेकिन अंतिम निर्णय हमेशा सोच-समझकर लेना चाहिए।
