logo

उत्तराखंड सुरंग में फंसे झारखंड के सभी 15 श्रमिक सुरक्षित, रेस्क्यू दल ने पाइप से की बात 

tunnel.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

उत्तरकाशी, उत्तराखंड की निर्माणाधीन सुरंग में फंसे झारखंड के सभी 15 मजदूर सुरक्षित हैं। रेस्क्यू दल ने उनसे पाइप के माध्यम से बात की है। इसकी जानकारी 13 नवंबर को रांची से उत्तराखंड गयी झारखंड आपदा की तीन सदस्यीय टीम ने दी है। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष उत्तराखंड गयी टीम से लगातार संपर्क में है। वहीं, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन ने 40 श्रमिकों की सूची कंट्रोल रूम से साझा की है। इसमें झारखंड के 15 श्रमिक शामिल हैं। श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्यवाही के लिए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को पहले ही आदेश दे रखा है। बता दें कि रांची से जैप आईटी के सीईओ भुवनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम उत्तराखंड गयी है। आज श्रमिकों के परिजनों से संपर्क किया गया। श्रमिकों का सत्यापन उनके परिवार से कराया गया।

नौ श्रमिकों की परिवार से हुई बात 

मिली खबर के मुताबिक अब तक 9 श्रमिकों के परिवार से बातचीत हुई है। इसमें गिरिडीह को दो, खूंटी के तीन, रांची के तीन औऱ पश्चिमी सिंहभूम के एक श्रमिक परिवार से बातचीत की पुष्टि हुई है। भुवनेश प्रताप सिंह ने बताया कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। रेस्क्यू दल के अधिकारियों एवं परिजनों ने श्रमिकों से पाइप के जरिए बात भी की है। श्रमिकों ने अपने सुरक्षित होने की बात बताई है। जन प्रतिनिधियों में गिरिडीह जिला के बिरनी प्रखंड के विश्वजीत कुमार वर्मा और सुबोध कुमार वर्मा से श्रमिकों की बात करायी गयी है। कहा कि झारखंड के सभी 15 श्रमिक सुरक्षित हैं। सभी श्रमिकों को एयरलिफ्ट कर झारखंड वापस लाया जाएगा। 

हेल्प लाइन नंबर जारी 
वहीं, आपदा प्रबंधन उत्तरकाशी, उत्तराखंड ने बताया है कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। रेस्क्यू का कार्य अभी भी चल रहा है। सुरंग में फंसे श्रमिकों को पाइप के माध्यम से खाना और ऑक्सीजन पहुंचाया जा रहा है। श्रमिकों को कल तक पाइप के माध्यम से बाहर निकाल लिया जाएगा। उत्तरकाशी में फंसे मजदूरों की जानकारी के लिए जेएलसी राजेश प्रसाद और प्रदीप रॉबर्ट लकड़ा से क्रमशः 9431344109 एवं 9431160414 पर संपर्क किया जा सकता है।