logo

यहां ब्रिज बनाने में लगे थे मजदूर, अचानक हुआ ऐसा हादसा, 17 मजदूरों की चली गयी जान  

Mizoram.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। राज्य के सारंग क्षेत्र में आज सुबह करीब 10 बजे रेलवे का निर्माणाधीन ढह गया। इस हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गयी है, जिसकी पुष्टि मिजोरम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके की है। हादसे के बाद से राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका
बताया जा रहा है कि आज जब यह हादसा हुआ, उस वक्त वहां करीब 40 मजदूर मौजूद थे। इसलिए घटनास्थल पर कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जतायी जा रही है। रेलवे अधिकारियों की टीम राहत और बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।

इसे भी पढ़ें-ED RAID : शराब घोटाले से झारखंड को 450 करोड़ से ज्यादा की लगी चपत!


CM जोरमथांगा ने शोक जताया

इस दर्दनाक हादसे पर मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “इस त्रासदी से बहुत दुखी और प्रभावित हूं। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव कार्यों में मदद के लिए बड़ी संख्या में सामने आये लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”

प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख देने की PM ने की घोषणा
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के ऑफिशयल ट्विटर हैंडल से पीएम मोदी का शोक संदेश जारी किया गया। इसमें पीएम मोदी ने कहा है, “मिजोरम में पुल दुर्घटना से दुखी हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी। घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे।”

कई मृतक पश्चिम बंगाल के मालदा के, ममता बनर्जी बोलीं- देंगे मुआवजा 
बताया जा रहा है कि मिजोरम में हुए इस हादसे में जिन मजदूरों की मौत हो गयी है, उनमें से कुछ मजदूर पश्चिम बंगाल के मालदा के रहनेवाले थे। आज हादसे की जानकारी मिलने पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता  बनर्जी ने कहा, “मिजोरम में हुए हादसे की सूचना से स्तब्ध हूं। इस हादसे में कई मजदूरों की जान चली गयी, जिनमें से कुछ मजदूर हमारे मालदा जिले से थे। मैंने मुख्य सचिव को बचाव और सहायता कार्यों के लिए तुरंत मिजोरम प्रशासन के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है। साथ ही, शोक संतप्त परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने का निर्देश मालदा जिला प्रशासन को दिया है। हम पीड़ित परिवारों के परिजनों को जल्द उचित मुआवजा देंगे। पीड़ितों के प्रति एकजुटता, मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। स्थिति पर नजर है।”

इसे भी पढ़ें- 22 करोड़ से बचेगी 6 महीने के राजवीर की जान, इस दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा मासूम

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N