logo

रांची से अहमदाबाद के लिए सीधी फ्लाइट, स्पाइस जेट ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खोला काउंटर

2944news.jpg
द फाॅलोअप टीम, रांची 
अब रांची से गुजरात की सीधी हवाई कनेक्टिविटी होगी। स्पाइस जेट 20 दिसंबर से रांची-अहमदाबाद के लिए विमान सेवा शुरू करने जा रहा है। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट ने अपना स्टेशन काउंटर तैयार कर लिया है।

तीन शहरों के लिए स्पाइस जेट की सेवा 20 दिसंबर से 
झारखंड बनने के 20 साल बाद रांची से स्पाइस जेट विमान सेवा शुरू करेगा। 20 दिसंबर से रांची से दिल्ली, रांची से मुंबई और रांची से अहमदाबाद के लिए स्पाइस जेट विमान सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट ने स्टेशन काउंटर भी तैयार कर लिया है। 

हर महीने करोड़ों का है कारोबार
झारखंड चेंबर आॅफ कमर्स के सचिव धीरज तनेजा करते हैं कि प्लास्टिक से जुडे कारोबार का एक बड़ा हब रांची है। केवल रांची में ही प्लास्टिक की कुर्सी, स्टूल, बाल्टी व मग की लगभग 10 से ज्यादा फैक्ट्रियां हैं। इनका सारा रॉ मेटिरियल गुजरात के अलग-अलग हिस्सों से आता है। इसके साथ रांची के कपड़ा बाजार में एक बड़ी हिस्सेदारी सूरत की भी है। इसके अलावा ज्वेलरी व कई अन्य सामान हैं जो गुजरात से आते हैं। ऐसे में व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही थी। यह सेवा शुरू होने के बाद रांची के व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।

अहमदाबाद के लिए सप्ताह में तीन दिन मिलेगी फ्लाइट
स्पाइस की एयर बस-320 विमान 180 सीटर है। स्पाइस जेट रांची से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो फ्लाइट और रांची से मुंबई के लिए प्रतिदिन एक फ्लाइट और रांची से अहमदाबाद के लिए सप्ताह में तीन दिन के लिए उड़ान भरेगा। गुजरात के अहमदाबाद से झारखंड के लिए विमान सेवा शुरू होने से यहां के व्यवसायियों के लिए एक बड़ी राहत है। रांची से अहमदाबाद के लिए सप्ताह में तीन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट मिलेगी। स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या- एस जी-0878-एस जी-0879 का अहमदाबाद से रांची पहुंचने का समय सुबह 8.20 बजे है। रांची से अहमदाबाद सुबह 8.50 मिनट पर उड़ान भरेगा।

20 नवंबर से रांची से रोजाना 21 विमान भरेगा उड़ान
20 दिसंबर से रांची से उड़ने वालों फ्लाइटों की संख्या 17 से बढ़कर 21 हो जाएगी। स्पाइस जेट रांची, मुंबई और अहमदाबाद के लिए चार फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। इसके शुरू हो जाने के बाद रांची से दिल्ली के लिए प्रतिदिन सात से आठ फ्लाइट होगी। इसमें इंडिगो की तीन, एयर इंडिया का एक, गो एयर का एक और एयर एशिया का एक विमान होगा।