logo

किसानों ने दिल्ली की कर दी नाकेबंदी, सुरक्षा में लगाए गए सीमा बल के जवान

2856news.jpg
द फाॅलोअप टीम, नई दिल्ली 
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन रूकने का नाम नहीं ले रहा है। यह आन्दोलन अब उत्तर प्रदेष तक फैल गया है। पंजाब एवं हरियाणा के किसान दिल्ली जाने की जिद में अड़े हुए हैं और प्रशासन उन्हें रोकने की जिद पर। आज भी किसान दिल्ली बॉर्डर पर जमें हुए हैं, टिकारी बॉर्डर पर भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई आंसू गैस के गोले दागे। सुरक्षा को लेकर सीमा बल के जवानों की कई टुकड़ियों को भी लगाया गया है। 

किसान एक महीने का राशन लेकर दिल्ली कुच किए 
किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्य ट्रॉलियों में खाद्य सामग्री स्टॉक करके दिल्ली के लिए निकले हैं। उनका कहना है कि वो एक महीने का राशन लेकर चल रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को दिन भर किसानों और पुलिस के बीच झड़प होती रही। किसानों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, आंसु गैस के गोले दागे गए। इधर किसानों ने भी पुलिस पर पथराव किया। देर शाम तक उनमें से एक बड़ा समूह दिल्ली से करीब 100 किलोमीटर दूर पानीपत में टोल प्लाजा तक पहुंच चुका था। 

शंभू सीमा पर डटे हैं किसान
पंजाब के किसान, हरियाणा और पंजाब के बीच अंबाला के पास शंभू बाॅडर पर जमे हुए हैं। ये आन्दोलनकारी किसान हरियाणा पार करने के लिए इंतजार कर रहे हैं, ताकि दिल्ली के लिए आगे बढ़ सकें और कृषि कानूनों का विरोध कर सकें। किसानों को हरियाणा में प्रवेश करने से रोकने के लिए सीमा पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गयी है।

हरियाणा में भी प्रारंभ हुआ किसानों का विरोध प्रदर्शन
इधर हरियाणा में भी किसानों का जगह-जगह प्रदर्शन प्रारंभ हो गया है। मिली खबर में बताया गया है कि हरियाणा के सिरसा में किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए दिल्ली जा रहे हैं। प्रदर्षन कर रहे किसानों का कहना हैं कि हम जो भी करते हैं वह शांतिपूर्ण होगा। हम किसी व्यक्ति या सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। भले ही हमें एक महीने तक रहना पड़े हम काले कानूनों का विरोध करेंगे। 

यूपी में किसानों का आन्दोलन प्रारंभ 
उत्तर प्रदेश में भारतीय किसान यूनियन की घोषणा के बाद मथुरा आदि शहरों में प्रदर्षन प्रारंभ हो गया है। केंद्र के नये कृषि कानूनो के खिलाफ उत्तर प्रदेश में भी किसान आंदोलन पर उतर गये हैं। आज आंदोलनकारी किसानों ने यमुना एक्सप्रेस वे पर ट्रैफिक जाम कर दिया। मौके पर पुलिस कर्मी मौजूद हैं और किसानों के साथ उनकी नोकझोंक हो रही है। 

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लगा लंबा जाम
किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन को देखते हुए दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है जिससे दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लंबा जाम लग गया है। 

भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात, सुरक्षा के लिए सीमा बल तैनात 
किसानों की दिल्ली चलो के विरोध में सिंघू सीमा (हरियाणा-दिल्ली सीमा) पर सुरक्षाकर्मियों की भारी उपस्थिति है। इधर, इस आन्दोलन को देखते हुए शहर पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीमाओं पर सुरक्षा बहुत ज्यादा बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि केन्द्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान अगर दिल्ली की सीमाओं पर पहुंच भी जाते हैं जो भी उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा को लेकर सीमा बल के जवानों की कई टुकड़ियों को भी लगाया गया है।