logo

स्थापना दिवस : कांग्रेस ने निकाली तिरंगा यात्रा, कांग्रेसी बोले - सबसे बुरे दौर में है देश

3685news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची :
कांग्रेस पार्टी जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है। लोकतंत्र में पार्टियां सत्ता में आती हैं। लेकिन उन्हें यह घमंड नहीं होना चाहिए कि जनता ने उन्हें स्वीकारा है और दूसरों को नकारा है। यही वजह है कि कांग्रेस पार्टी जनता, किसानों, मजदूरों और छात्रों समेत विभिन्न वर्ग और धर्म के लोगों के साथ है।  यह बातें झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कही।  वह कांग्रेस पार्टी के 136वें स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस भवन में झंडोत्तोलन के बाद राजभवन के समक्ष हुयी सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी हमेशा से यह सोच रही है कि पुराने कांग्रेसी नेताओं को साथ लेकर चला जाए और पार्टी से जोड़ा जाए। ऐसे में प्रखंड स्तर तक पुराने कांग्रेसी नेताओं को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर तिरंगा यात्रा कांग्रेस भवन से राजभवन तक निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस के सांसद, विधायक समेत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं पुराने कांग्रेसी नेताओं को फिर से पार्टी में जोड़ने के प्रयास के तहत उन्हें सम्मानित भी किया गया। 

किसान विरोधी है केन्द्र सरकार
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस का स्थापना दिवस ऐसे वक्त में मनाया जा रहा है, जब देश में सबसे बुरा दौर है। सड़क पर अन्नदाता है और उनको आतंकवादी और विद्रोही करार दिया जा रहा है। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी किसानों के विरोध में आज नहीं है, बल्कि 2014 में आते के साथ उन्होंने भूमि अधिग्रहण बिल खत्म कर दिया था, ताकि पूंजीपतियों को फायदा मिल सके। अब एक बार फिर मोदी किसानों की कमर तोड़ना चाहते हैं, वे चाहते हैं कि किसान पूंजीपतियों के रहमों करम पर रहे।