logo

प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या के लिए दिल्ली से रवाना, योगी पहुंचे अयोध्या

646news.jpg
द फॉलोअप टीम : 
राम मंदिर के भूमि पूजन को लेकर अयोध्या समेत पूरा देश तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11.30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। भूमि पूजन का शुभ मुहूर्त 12.44 बजे है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त भी किए गए हैं। पूरे परिसर और आसपास के इलाके को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपीजी ने संभाल ली है। सुरक्षा के लिहाज से सिक्यूरिटी कोड से एंट्री का प्रबंध किया गया है। 

योगी पहुंचे अयोध्या
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच चुके हैं। अब से कुछ देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पर पहुंच जायेंगे। अयोध्या में पूजा शुरू हो गई है, सुबह ही रामलला के दर्शन भी कराए गए हैं। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उमा भारती समेत अन्य कई अहम मेहमान अयोध्या में भूमि पूजन स्थल पर पहुंच चुके हैं।

विशिष्ट अतिथि हैं मोहन भागवत
भूमिपूजन कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत हैं। राम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी को भी न्योता दिया गया है। अवधेशानंद, स्वामी रामदेव, चिदानंद मुनि, साध्वी ऋतंभरा, पुज्य परमानंद जी महाराज, राघवाचार्य, महामंडलेश्वर अखिलेशानंद, डॉ. श्यामदेव देवाचार्य, जगदगुरु रामानंदाचार्य समेत कई साधु-संत भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे ।

प्रधानमंत्री का अयोध्या आना ऐतिहासिक क्षण
हनुमानगढ़ी मंदिर के प्रमुख पुजारी प्रेमदास जी महाराज का कहना है कि प्रधानमंत्री का अयोध्या आना ऐतिहासिक क्षण है, हम उन्हें सम्मानित करेंगे। पीएम को इस दौरान चांदी का मुकुट, गमछा दिया जाएगा। मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राम मंदिर प्रांगण में एक पौधा लगाएंगे। इसके लिए अलग से फावड़ा, कन्नी और अन्य सामानों की व्यवस्था की गई है ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हो चुके हैं। 
नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 
•    10:35 AM: लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग।
•    10:40 AM: हेलिकॉप्टर से अयोध्या के लिए रवाना।  
•    11:30 AM: अयोध्या के साकेत कॉलेज हेलिपेड पर आगमन।  
•    11:40 AM: हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन।
•    12:00 PM: राम जन्मभूमि पर रामलला के दर्शन।   
•    12:15 PM: राम मंदिर प्रांगण में पौधारोपण  
•    12:30 PM: भूमि पूजन का कार्यक्रम शुरू।  
•    12:40 PM: राम मंदिर का शिलान्यास।  
•    1:10 PM: राम मंदिर ट्रस्ट के लोगों के साथ बैठक।  
•    2:05 PM: साकेत हेलिपेड के लिए रवाना।  
•    2:20 PM: लखनऊ के लिए रवाना।