logo

किसान आंदोलन के 100 दिन: चुनाव पर कितना असर, क्या है संयुक्त किसान मोर्चा का अगला प्लान

किसान आंदोलन के 100 दिन: चुनाव पर कितना असर, क्या है संयुक्त किसान मोर्चा का अगला प्लान
द फॉलोअप टीम,दिल्‍ली: 
केंद्र की एनडीए सरकार द्वारा लाये गये कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन का 100 दिन पूरा हो गया। बीते 100 दिन से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिमी यूपी समेत राज्य के अन्य हिस्सों से आये किसान दिल्ली की अलग-अलग सीमा पर डटे हुये हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जारी किसान आंदोलन केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहा है। किसानों का कहना है कि नये कृषि कानूनों के जरिये उनकी मंडियां छीन ली जायेंगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य का हक छीन लिया जायेगा। वे कृषि उत्पादों की खरीद और मूल्यों के लिए कॉर्पोरेट घरानों के मोहताज हो जायेंगे। वहीं, सरकार का कहना है कि किसानों को भ्रमित किया गया है। 

केंद्र भी जिद्दी और जिद्दी किसान भी हैं
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि नये कृषि कानूनों के जरिये किसानों की प्रगति की व्यवस्था की गयी है। किसानों को उनकी उपज के लिए ज्यादा विस्तृत बाजार उपलब्ध कराया गया है। किसानों की आय को 2022 तक दोगुना करने के लक्ष्य की दिशा में ये नये कृषि कानून काफी मददगार होने वाले हैं। केवल कृषि मंत्री ही नहीं बल्कि गृहमंत्री अमित शाह, रेलमंत्री पीयूष गोयल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक कानूनों को किसानों के हित का बता चुके हैं। दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियों का कहना है कि सरकार किसानों का हक छीन लेना चाहती है। कृषि अर्थव्यवस्था को भी कॉर्पोरेट घरानों को सौंप देना चाहती है। 



कृषि कानून रद्द कराना चाहते हैं किसान
दिसंबर से 26 जनवरी के बीच किसान आंदोलन के दरम्यान सरकार और किसान संगठन नेताओं के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है। दिल्ली के विज्ञान भवन में किसान संगठन के नेता और सरकार के बीच कई बैठकें हुईं। किसान जहां तीनों कृषि कानूनों को रद्द किये जाने से कम पर मानने को राजी नहीं हैं तो वहीं सरकार का कहना है कि कानूनों में जिन प्रावधानों पर समस्या है, सरकार किसानों से उसपर बात करने के लिये तैयार है। सरकार ने ये भी कहा कि किसानों को जिन प्रावधानों पर दिक्कत लगती है सरकार उसमें संसोधन के लिए भी तैयार है। इस बीच सरकार ने पराली जलाने को लेकर कानून में शामिल अपराधिक गतिविधि संबंधित प्रावधान को खत्म कर दिया। सरकार ये भी कहती रही है कि एमएसपी खत्म नहीं किया जा रहा है लेकिन, किसान संगठनों की एक ही मांग है कि तीनों कृषि कानूनों को निरस्त कर दिया जाये। 



सुप्रीम कोर्ट ने निलंबित किया कानून
मामले में जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लिया। सुप्रीम कोर्ट ने पहले तो आंदोलन की प्रकृति और सरकार की तरफ से इससे निपटने के तरीकों पर नाराजगी जताई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आंदोलन जिस तरीके से लंबा खिंचता जा रहा है। किसानों का धैर्य जिस तरीके से टूटता जा रहा है, ऐसे में यदि हिंसा होती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। सुप्रीम कोर्ट ने इस बीच एक साल के लिए तीनों कृषि कानूनों को निलंबित भी किया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सरकार को किसी भी कानून को लागू करने से पहले इसके प्रावधानों को लेकर सभी पक्षों से वार्ता करके उन्हें विश्वास में लेना चाहिये। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद भी सरकार और किसानों के बीच वार्ता हुई। 

गणतंत्र दिवस के दिन भड़की थी हिंसा
गौरतलब है कि किसान आंदोलन के बीच गणतंत्र दिवस के दिन किसान संगठनों की तरफ से ट्रैक्टर रैली निकाली गयी। ट्रैक्टर रैली को दिल्ली के अलग-अलग निर्धारित मार्गों से गुजरना था। इस बीच, किसी वजह से अव्यवस्था फैली और ट्रैक्टर रैली हिंसक हो गयी। किसान बेकाबू हो गये। वे अलग-अलग मार्गों से दिल्ली के मुख्य मार्ग में प्रवेश कर गये। इस दरम्यान एक गुट लाल किला में प्रवेश कर गया। किसी तरह से इस पर काबू पाया जा सका। मामले की जांच अब भी जारी है। उस दिन कौन पूरे उपद्रव के लिए जिम्मेदार था इसकी पड़ताल जारी है। किसान आंदोलन के बीच विदेशी सेलिब्रिटी बनाम देशी सेलिब्रिटी भी हुआ। टूलकिट का मामला भी सामने आया जिसकी मुख्य सूत्रधार स्वीडिश पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग थीं। 


किसान आंदोलन का चुनाव में असर
सवाल ये भी है कि क्या किसान आंदोलन की प्रभाव चुनावों में भी दिखा। किसान आंदोलन के बीच महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और पंजाब में स्थानीय निकाय के चुनाव हुये। क्या आंदोलन का असर चुनाव में पड़ा जवाब होगा हां। निश्चित तौर पर किसान आंदोलन का असर कुछ राज्यों में हुआ। चूंकि, किसान आंदोलन का केंद्र पंजाब है। किसान आंदोलन में सबसे ज्यादा किसान पंजाब के हैं तो जाहिर तौर पर यहां आंदोलन का असर भी पड़ा। स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी को यहां करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। आंदोलन के बीच केंद्र में बीजेपी की सहयोगी रही अकाली दल ने एनडीए गठबंधन का साथ छोड़ दिया था लेकिन उन्हें इसका खास फायदा नहीं हुआ। 
अकाली दल को भी स्थानीय निकाय चुनाव में मुंह की खानी पड़ी। स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने एतिहासिक जीत हासिल की। गुजरात में भी स्थानीय निकाय के चुनाव हुये। देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का गृहराज्य गुजरात है, बावजूद इसके बीजेपी को नुकसान उठाना पड़ा। आम आदमी पार्टी ने यहां अप्रत्याशित जीत हासिल की। पश्चिम बंगाल चुनाव में भी किसान आंदोलन असर डाल सकता है। 

जानिए! संयुक्त किसान मोर्चा का प्लान
संयुक्त किसान मोर्चा लंबे समय तक आंदोलन को चलाने के मूड में है। संयुक्त किसान मोर्चा ने 6 मार्च को दिल्ली के मुख्य मार्गों को 11 बजे से 4 बजे के बीच बंद कर दिया था। संयुक्त किसान मोर्चा ने एलान किया है कि 12 मार्च को बंगाल में किसानों की विशाल रैली होगी। इसके अलावा बंगाल सहित बाकी जिन भी राज्यों में चुनाव होना है, किसान मोर्चा वहां बीजेपी का विरोध करेगी। इससे पहले भी संयुक्त किसान मोर्चा काफी सारे कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। बीच में आंदोलन कमजोर पड़ता दिखा था लेकिन किसान नेता राकेश टिकैत टिक गये जिसके बाद आंदोलन ने और भी जोड़ पकड़ लिया। दर्शन पाल भी मजबूती के साथ आंदोलन में डटे हैं।