logo

जम्मू-कश्मीर: नेवा-श्रीनगर रोड पर मिला 5 किलो IED, टल गई बड़ी आतंकी साजिश

जम्मू-कश्मीर: नेवा-श्रीनगर रोड पर मिला 5 किलो IED, टल गई बड़ी आतंकी साजिश

द फॉलोअप टीम, श्रीनगर: 

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की कारस्तानी जारी है। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में घाटी में आतंकी घटनाओं में इजाफा हुआ है। अक्टूबर-नवंबर के बीच जम्मू-कश्मीर में प्रवासी श्रमिकों और कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाया गया था। ताजा जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। गनीमत रही कि समय रहते सुरक्षाबल को जानकारी मिल गई और इसे डिफ्यूज कर दिया गया, वरना किसी बड़ी आतंकी वारदात की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। 

नेवा-श्रीनगर रोड पर 5 किलो IED मिला
गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह वानपोरा में नेवा-श्रीनगर रोड पर 5 किलो आईईडी बरामद किया गया। मिली जानकरी के मुताबिक पुलवामा पुलिस, 50 राजपूताना राईफल्स और 183-बीएन सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान में आईईडी जब्त की गई। पुलिस और सेना की बम निरोधक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही इसे डिफ्यूज कर दिया। खतरा टल गया। फिलहाल पुलवामा पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच शुरू हो गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। 

पुलवामा हमले में भी हुआ था IED का इस्तेमाल
गौरतलब है कि गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में विस्फोटक हो सकता है। इसी जानकारी के आधार पर पुलवामा पुलिस, 50 राजपूताना राईफल्स और सीआरपीएफ की 183वीं बटालियन ने तलाशी अभियान चलाया था। इसी दरम्यान नेवा-श्रीनगर रोड पर विस्फोटक मिला। इसे डिफ्यूज किया गया। बता दें कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में ही आईईडी ब्लास्ट में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गये थे।