द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड की राजधानी रांची के बरियातू इलाके मे एक हादसा हो गया। यहां एक 15 वर्षीय छात्रा अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से सीधे नीचे आ गिरी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा अपनी बालकनी में बैठकर पढ़ाई कर रही थी। मामला बरियातू थानाक्षेत्र अंतर्गत कुसुम विहार स्थित एक अपार्टमेंट का है। घटना तकरीबन डेढ़ बजे की बताई जा रही है।
छात्रा की हालत गंभीर लेकिन स्थिर
अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल उसका इलाज पल्स हॉस्पिटल के सर्जरी विभाग में आईसीयू में किया जा रहा है। सर्जरी विभाग के डॉ. एस सुदर्शन और अन्य चिकित्सक उसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि छात्रा की छाती की दाहिनी पसलियों में कई फ्रैक्चर हैं। एक्स-रे में रीढ़ की हड्डी में भी फ्रैक्चर मिला है। ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन सेचुरेशन निर्धारित मानक से कम है। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर है।

बालकनी में संतुलन बिगड़ने से गिरी
गौरतलब है कि अभी तक किसी ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है। घटना को लेकर किसी प्रकार की शिकायत भी दर्ज नहीं करवाई गई है। बता दें कि छात्रा 9वीं क्लास में पढ़ती है। पड़ोसियों का कहना है कि छात्रा अपने परिवार के साथ अपार्टमेंट के बी-ब्लॉक की चौथी मंजिल स्थित फ्लैट में रहती है। हादसे के समय परिवार के बाकी सदस्य फ्लैट के अंदर थे, जबकि वो बालकनी में किताब पढ़ रही थी। उसका हाथ बालकनी की रेलिंग में था। वो किताब पढ़ने के दौरान दूसरी ओर झुकी थी तभी उसका पैर फिसला। उसने अपना संतुलन खो दिया और बालकनी से नीचे आ गिरी। तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।