logo

पंजाब में बनेगी 'आप' की सरकार! चंडीगढ़ नगर निगम की 14 सीटें जीतकर बोले केजरीवाल

16517news.jpg

द फॉलोअप टीम, चंडीगढ़: 

पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में हुए नगर निगम चुनाव का परिणाम सामने आया है। परिणाम बहुत हैरान करने वाला है। यहां आम आदमी पार्टी ने बीजेपी और कांग्रेस के ऊपर बड़ा उलटफेर किया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ के कुल 14 वार्डों पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। 12 वार्डों पर बीजेपी को जीत मिली है। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी महज 8 वार्ड ही जीत सकी। शिरोमणि अकाली दल को 1 वार्ड में जीत मिली है। शहर के मेयर ही चुनाव हार गये हैं। 

केजरीवाल ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में अप्रत्याशित जीत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए आम आदमी पार्टी की ईमानदार राजनीति को चुना है। आम के सभी विजयी उम्मीदवारों एवं सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है। गौरतलब है कि केजरीवाल ने खुद भी यहां रैलियां की थीं। 

राघव चड्ढा ने चंडीगढ़ की जनता को बधाई दी
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की तरफ से चंडीगढ़ के लोगों को धन्यवाद देता हूं। शहर के लोगों ने हमारी जैसी छोटी और ईमानदार पार्टी को इतना प्यार और विश्वास दिया है। आम आदमी पार्टी यहां पहली बार चुनाव लड़ रही थी। राघव चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ महज ट्रेलर है। असली फिल्म तो पंजाब है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने यहां पूरी ताकत झोंक रखी है। केजरीवाल खुद कैंप कर रहे हैं। 

पंजाब विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय होगा मुकाबला
गौरतलब है कि आगामी कुछ महीनों में पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। निर्वाचन आयोग स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ मिलकर इस पर मंथन कर रहा है। फिलहाल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार है। यहां कांग्रेस अंतर्कलह की वजह से परेशानी में है। पूर्व कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नई पार्टी बना चुके हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन किया है। आम आदमी पार्टी यहां पूरी ताकत झोंक रही है। केजरीवाल लगातार सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर हमला बोल रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में प्रदेश की सियासी लड़ाई त्रिकोणीय हो सकती है।