द फॉलोअप टीम, रांची:
‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर समावेशी विकास के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने ‘स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व’ को विश्व के सबसे बड़े लिखित संविधान का आदर्श बनाया। पूरे विश्व को सामाजिक समानता का रास्ता दिखाने वाले बाबा साहेब एक साधारण परिवार में पैदा हुए लेकिन अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने अपने जीवन को ऐसा बनाया कि हर कोई उनसे प्रेरणा ले सकता है।
सामाजिक न्याय के अग्रदूत डॉ. भीमराव अंबेडकर ने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सबको समान अधिकार एवं नीति-निर्णय में समान भागीदारी मिले। उन्होंने समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनैतिक उन्नति की कल्पना की थी, लेकिन अब भी बाबा साहेब का सपना अधूरा है। हमारे ऊपर उनके सपनों को साकार करने का दायित्व है।

आजसू प्रमुख सुदेश महतो का बयान
हम इसके लिए कृत संकल्पित हैं। उक्त बातें झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सिल्ली स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान कहीं।
आजसू पार्टी ने दी श्रद्धांजलि
उधर पार्टी ने रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजिन किया। सभा को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि सामाजिक न्याय के बगैर विकास अधूरा है और वर्तमान समय में बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करने की जरुरत है। उन्होंने सभा में उपस्थित सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में ऊर्जा भरते हुए कहा कि समानता, भागीदारी और समान अवसर के लिए हमें बड़ी लड़ाई लड़नी होगी।

सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी
बाबा साहेब के सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी हम पर है। उनके सपनों को धरातल पर उतारने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करना एवं उनके बताए मार्ग पर चलना ही, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर जिप सदस्य गौतम साहु, सुशीज महतो, संजय सिद्धार्थ, विकास महतो, लखिंद्र रविदास, ललन कुमार इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।