द फॉलोअप टीम, दिल्लीः
राजधानी दिल्ली के हालात प्रदूषण के मामले में बद से बदतर होते जा रहे हैं। हालात इतने खराब हो गये हैं कि लोगों को सांस लेने तक में परेशानी हो रही है। दिल्ली में कल से सभी स्कूल को बंद रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने आज ही दिल्ली सरकार से प्रदूषण के बाद भी स्कूल खोलने पर सवाल पूछा था। जिसपर पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, 'दिल्ली में प्रदूषण के कारण सभी स्कूलों को कल से अगले आदेश तक बंद करने का फैसला किया गया है।'
कोर्ट ने लगाीई फटकार
बता दें कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने भी सरकार को फटकार लगाई थी और पूछा था कि प्रदूषण कम करने के लिए आप क्या ठोस कदम उठा रहे हैं। आज भी कोर्ट ने राज्य सरकार को स्कूल खोलने के फैसले पर फटकार लगाई थी। कोर्ट ने सरकार से पूछा कि जब बड़े वर्क फ्रॉम होम पर हैं तो बच्चों को स्कूल क्यों बुलाया जा रहा है? गुरुवार को ही कोर्ट ने केंद्र, दिल्ली और पड़ोसी राज्यों की सरकार को फटकार लगाते हुए 24 घंटे का समय दिया था। कोर्ट ने केंद्र से कहा कि अगर प्रदूषण कम करने के लिए 24 घंटे में कड़े कदम नहीं उठाए गए तो सुप्रीम कोर्ट टास्क फोर्स का गठन करेगा। चीफ जस्टिस NV रमणा ने कार्यवाही के दौरान केंद्र से पूछा कि आखिर प्रदूषण कम क्यों नहीं हो रहा है।

29 नवंबर से स्कूल खुले थे
29 नवंबर से राज्य में स्कूलों को खोलने की घोषणा कर दी गई थी। जबकि दिल्ली के हालात इनदिनों बेहद खराब है। दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता में आज भी सुधार नहीं हुआ है। गुरुवार को भी दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' कैटेगरी में है। लोधी रोड इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 339 दर्ज हुआ। हवा में धुंध जमी हुई है।