logo

सीता सोरेन की सीएम हेमंत सोरेन से अपील, झारखंड को भ्रष्ट अधिकारियों से बचाएं

सीता सोरेन की सीएम हेमंत सोरेन से अपील, झारखंड को भ्रष्ट अधिकारियों से बचाएं

द फॉलोप टीम, रांची:
जेएमएम के अंदर हर कुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक के बाद एक हेमंत सोरेन पर उनकी भाभी सीता सोरेन सवाल खड़ा कर रही हैं। सरकार के अधिकारियों के कामकाज पर सवाल उठा रही है। इस बार उन्होंने झारखंड को भ्रष्ट अधिकारियों से बचाने की सीएम से अपील की है।


आम्रपाली कोयला परियोजना
सीता सोरेन ने सीसीएल के आम्रपाली समेत अन्य परियोजनाओं में कोयले की ढुलाई के लिए वन भूमि के गलत इस्तेमाल का मामला उठाया है। जामा से जेएमएम की विधायक सीता एक के बाद एक तीन ट्वीट किया है, उन्होंने लिखा है कि मुख्यमंत्री जी, यह आम जनता और उसकी जनआकांक्षाओं की सरकार है, साथ ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने वाली सरकार है, लेकिन भ्रष्ट पदाधिकारियों के कारण जनका को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कृपया ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए झारखंड को बचाएं।


 

सीता सोरेन का ट्वीट बम
दूसरे और तीसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि सीसीएल के आम्रपाली परियोजना सहित अन्य परियोजनाओं में कोयला के परिवहन के लिए व्यापक पैमाने पर वन भूमि का इस्तेमाल हो रहा है। वन विभाग के संज्ञान में मामला आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। आम्रपाली खदान से शिवपुर साइडिंग तक का रोड वन विभाग द्वारा अतिक्रमण होने के बाद भी रोड को कभी काट दिया जाता है। कभी जोड़ दिया जाता है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण खाता संख्या 68, प्लॉट संख्या 292, अंचल-टंडवा, जिला- चतरा है। जो राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार वन भूमि के रूप में दर्ज है। भ्रष्ट पदाधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। तीनों ट्वीट के साथ सीता सोरेन ने कोयला ढुलाई करती बड़ी बड़ी गाड़ियों की तस्वीर साझा की है।