logo

अर्जुन मुंडा ने हेमंत सरकार की मंशा पर उठाया सवाल, कहा- आदिवासी CM को आदिवासियों की चिंता नहीं

14038news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार को आदिवासियों की कोई चिंता नहीं है। यह इनकी कार्यप्रणाली से प्रतीत हो रहा है। सरकार के 2 वर्ष पूरा होने को है, लेकिन अब तक मेरे मंत्रालय से कोई संपर्क तक नहीं किया है। यह बातें पीएम नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कही।

अर्जुन मुंडा ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
गौरतलब है कि अर्जुन मुंडा भारतीय जनता पार्टी के एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। देश भर से आये भाजपा के आदिवासी नेताओं की मौजूदगी में मुंडा ने कहा कि बहुत उम्मीदों के साथ जनजातीय समुदाय ने  हेमंत सोरेन पर भरोसा जताया था, लेकिन आज हमारा समाज उपेक्षित महसूस कर रहा है। आदिवासियों के लिए कोई कार्य नहीं किया। 

बीजेपी सरकार में जनजातियों को मिला सम्मान
अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजादी के बाद पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार ने जनजातियों को सबसे ज्यादा सम्मान दिया. पीएम मोदी की सरकार में जनजाति समाज से आठ मंत्री हैं। भाजपा के हाथ में देश का आदिवासी सुरक्षित है। 2 दिनों तक रांची में चलने वाले राष्ट्रीय कार्यसमिति के उदघाटन सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और पूर्व सीएम रघुवर दास भी शामिल हुए। कार्यसमिति में देश भर से आदिवासी नेता शामिल होने आए हैं। कार्यक्रम 2 दिन का है।